Panipat Road Accident: दशहरे का पर्व जहां एक तरफ उत्सव और उल्लास लेकर आता है, वहीं पानीपत में यह रात कई परिवारों के लिए खौफनाक साबित हुई। पर्व के समापन के बाद रात के वक्त शहर और ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर रफ्तार का कहर इस कदर टूटा कि एक के बाद एक चार दर्दनाक सड़क हादसे हो गए। किसी की कार ने टेंपो को रौंदा तो कहीं बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत ने लोगों को लहूलुहान कर दिया।
महज साठ मिनट के अंतराल में हुए इन चार हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार के बीच घायलों को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों को उनकी गंभीर स्थिति देख तुरंत उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर करना पड़ा। अस्पताल में घायलों की बढ़ती संख्या और अफरा-तफरी का आलम यह था कि आपातकालीन स्थिति में एक ही एंबुलेंस में कई-कई मरीजों को लादकर भेजना पड़ा।
स्कूटी सवार दो महिलाओं की टूटी टांग और हाथ
हादसों के इस सिलसिले में सबसे दर्दनाक घटना करनाल से पानीपत अपनी रिश्तेदारी में आईं दो महिलाओं के साथ घटी। संतोष और पिंकी नाम की दोनों महिलाएं स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से जा रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
इस टक्कर में संतोष की एक टांग टूट गई और पिंकी का हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी बिगड़ती हालत को भांपते हुए उन्हें तुरंत करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
टेंपो चालक से लेकर बाइक सवार तक बने शिकार
इससे पहले बाबरपुर के रहने वाले पवन अपने टेंपो को लेकर घरौंडा की तरफ रवाना हुए थे। रास्ते में एक अनियंत्रित कार ने उनके टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है, लेकिन परिजनों ने आनन-फानन में पवन को अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, कुटानी गांव के रहने वाले प्रवीण स्थानीय हनुमान सभा में शामिल होने के बाद अपनी बाइक पर सवार होकर पानीपत लौट रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सभा के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल प्रवीण को नागरिक अस्पताल लाए, जहां से उनकी हालत बेहद नाजुक बताते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
बिंझौल मोड़ पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें
हादसों की यह रात यहीं नहीं रुकी। शहर के व्यस्त माने जाने वाले बिंझौल मोड़ पर शराब के ठेके के ठीक सामने दो बाइकें आमने-सामने आ टकराईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि डाहर गांव के रवि और महराणा गांव के सुमित सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें भी प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। त्योहार की रात हुए इन हादसों ने पुलिस और प्रशासन की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

