Panipat News: पानीपत में आधी रात को खौफनाक हादसा, ब्रेजा और पिकअप की सीधी भिड़ंत में 1 की मौत, 10 की हालत नाजुक

पानीपत में आधी रात को खौफनाक हादसा, ब्रेजा और पिकअप की सीधी भिड़ंत में 1 की मौत, 10 की हालत नाजुक
Panipat News: हरियाणा के पानीपत जिले में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है। इसराना थाना क्षेत्र में गांव शाहपुर के पास तड़के करीब दो बजे तेज रफ्तार ब्रेजा कार और कैटरिंग कर्मचारियों से भरी लोडिंग पिकअप (छोटा हाथी) के बीच सीधी और जोरदार टक्कर हो गई।
भिड़ंत इतनी भयावह थी कि दोनों गाड़ियां घिसटती हुई काफी दूर तक गईं और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और एंबुलेंस की गाड़ियां पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पिकअप सवार एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य की गंभीर हालत को देखते हुए खानपुर कलां रेफर कर दिया गया।
शराब के नशे में भिवानी से हरिद्वार जा रहे थे 4 दोस्त
दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार में सवार चारों युवक भिवानी जिले के रहने वाले हैं। हादसे में जख्मी हुए भिवानी निवासी अमन ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट और ट्रेडिंग का काम करता है। शनिवार शाम उसने अपने तीन दोस्तों—श्रेयस, राहुल और संजय के साथ भिवानी से हरिद्वार घूमने जाने का प्लान बनाया था। चारों ब्रेजा में सवार होकर निकले थे और रास्ते में शराब पी रहे थे।
रात करीब 2 बजे जब उनकी कार इसराना के शाहपुर गांव के पास पहुंची, तो सामने से आ रही लोडिंग पिकअप से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी भी चालक को संभलने का मौका नहीं मिला।
काम निपटाकर लौट रहे थे कैटरिंग के 8 कर्मचारी, जोगेंद्र ने तोड़ा दम
दूसरी तरफ, दुर्घटना का शिकार हुई पिकअप गाड़ी में पानीपत के विजय नगर और नूरवाला इलाके के रहने वाले 8 कैटरिंग कर्मचारी सवार थे। शनिवार रात एक मांगलिक कार्यक्रम में काम खत्म करने के बाद वे सामान लादकर वापस पानीपत शहर की ओर लौट रहे थे।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ियों के परखच्चों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पास के अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने पिकअप सवार जोगेंद्र (पुत्र अमित सिंह) को मृत घोषित कर दिया। उसके सिर और छाती में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं।
पुलिस की कार्रवाई और आगामी जांच
घटना के बाद इसराना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भिजवा दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायलों की हालत में सुधार आने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटाकर थाने भिजवा दिया गया है ताकि मार्ग पर यातायात सुचारू रहे।
