Parvinder Singh Jhota Murder : मंगलवार की सुबह मानसा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। अपनी इस कार्रवाई के दौरान वे सोशल मीडिया पर लाइव भी थे। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि झोटा एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ वहां पहुंचे थे और दुकानदार अश्वनी कुमार से यह सवाल कर रहे थे कि सुबह-सुबह यहां से नशा किसने खरीदा और किसने बेचा।
मामला तब और गरमा गया जब दुकानदार और झोटा के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। वीडियो में झोटा दुकानदार को चेतावनी देते हुए नजर आते हैं कि वह अपनी पिस्तौल निकाल ले। बहस लगभग सवा चार मिनट तक चली, जिसके बाद गुस्से में आकर मेडिकल स्टोर के मालिक ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां इतनी करीब से मारी गईं कि वे झोटा के शरीर के आर-पार निकल गईं और वे मौके पर ही गिर पड़े।
कौन थे परविंदर सिंह झोटा और क्या था उनका विवादों से नाता?
परविंदर सिंह झोटा पिछले कुछ सालों से मानसा और आसपास के इलाकों में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे थे। वे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते थे और अक्सर संदिग्ध मेडिकल स्टोरों पर खुद ही छापेमारी कर पुलिस को सूचना देते थे।
साल 2023 के जुलाई महीने में वे तब देश भर की सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने एक मेडिकल स्टोर संचालक को कथित तौर पर प्रतिबंधित दवाएं बेचने के आरोप में पकड़कर जूतों की माला पहनाई थी और उन्हें बाजार में घुमाया था। उस घटना के बाद पुलिस ने उनके और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट, जबरन प्रवेश और दंगा फैलाने के आरोप में मामले दर्ज किए थे और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। इस पुरानी रंजिश और नशे के खिलाफ उनकी सक्रियता को इस खूनी हमले की मुख्य वजह माना जा रहा है।
मानसा में तनाव, समर्थकों का शहर बंद का ऐलान
घटना की सूचना मिलते ही मानसा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल के साथ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। वहीं, इस सनसनीखेज हत्या की खबर फैलते ही परविंदर सिंह झोटा के समर्थक और परिजन सिविल अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में इकट्ठा होने लगे।
गुस्साए समर्थकों ने मानसा शहर को पूरी तरह बंद रखने का ऐलान कर दिया है, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। पुलिस ने आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक अश्वनी कुमार की धरपकड़ के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

