Pathankot Breaking News : नशेड़ी बेटे से तंग आकर मां ने खुद को लगाई आग, 80% झुलसी

नशेड़ी बेटे से तंग आकर मां ने खुद को लगाई आग, 80% झुलसी
Pathankot Breaking News : पठानकोट के डेयरीवाल क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां पारिवारिक क्लेश और बेटे की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर एक मां ने आत्मघाती कदम उठा लिया। 60 वर्षीय पुष्पा देवी ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने घर पर खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और पड़ोसियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और उन्हें तुरंत गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पठानकोट पहुंचाया।
अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि महिला का शरीर लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उनकी हालत बेहद नाजुक है। प्राथमिक डॉक्टरी सहायता देने के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर कर दिया, जहां परिजन उन्हें लेकर रवाना हुए हैं।
नशे की लत और बाइक की किश्त ने छीना घर का सुकून
घटना के पीछे की दर्दनाक दास्तान बयां करते हुए पीड़िता के बड़े बेटे पवन कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से नशे का आदी है। घर की आर्थिक स्थिति पहले से ही तंग है और पवन खुद दिहाड़ी मजदूरी करके किसी तरह परिवार का गुजारा चलाता है। इसके बावजूद करीब तीन महीने पहले छोटे भाई ने जिद करके एक मोटरसाइकिल खरीदी थी, जिसकी किश्तें अब वे भर नहीं पा रहे थे।
पवन के मुताबिक, गुरुवार सुबह छोटे भाई ने किश्त चुकाने के नाम पर जबरन मां के कान की सोने की बालियां छीन लीं और उन्हें बेचने की बात कही। इसके साथ ही वह नशे की पूर्ति के लिए मां पर और पैसों का दबाव बना रहा था। नशे की लत में अंधे हो चुके बेटे की रोज-रोज की प्रताड़ना और आर्थिक तंगी से महिला इस कदर टूट गई कि उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन फिलहाल महिला का जीवन बचाने के लिए अमृतसर में इलाज करवाने में जुटे हैं। परिजनों की ओर से अभी तक स्थानीय पुलिस थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को इस एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) की सूचना भेज दी गई है, जिसके बाद पुलिस टीम के पीड़ित महिला के बयान दर्ज करने की उम्मीद है।
Jagraon Accident : जगराओं में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने छात्राओं को रौंदा, 1 की मौत
