Pati Patni Aur Panga 2: “35 साल चल ली शादी, अब ये मुनव्वर तुड़वाएगा”, ‘पति पत्नी और पंगा 2’ के सेट पर भड़कीं अर्चना, परमीत बोले- थैंक यू!
"35 साल चल ली शादी, अब ये मुनव्वर तुड़वाएगा", 'पति पत्नी और पंगा 2' के सेट पर भड़कीं अर्चना, परमीत बोले- थैंक यू!
Pati Patni Aur Panga 2: कलर्स टीवी के चर्चित रियलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा 2’ ने छोटे पर्दे पर दस्तक देते ही दर्शकों का ध्यान खींचना शुरू कर दिया है। टीवी और बॉलीवुड सितारों की कपल्स केमिस्ट्री से सजा यह शो लगातार चर्चा में बना हुआ है। हाल ही में सामने आए ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ के एक नया प्रोमो वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा रखा है, जिसमें दिग्गज एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह अपने पति परमीत सेठी और शो के होस्ट मुनव्वर फारूकी के साथ हंसी-मजाक करती नजर आ रही हैं।
वायरल हो रहे प्रोमो में मुनव्वर फारूकी के तीखे और मजेदार सवालों के बीच अर्चना और परमीत के बीच हल्की-फुल्की नोक-झोंक शुरू हो जाती है। इस पर अर्चना पूरन सिंह अपने चिर-परिचित बेबाक अंदाज में कहती दिखती हैं, “भैया 35 साल चल ली हमारी शादी, अब ये मुनव्वर हमारी तुड़वाकर ही रहेगा!” अर्चना की बात सुनते ही परमीत सेठी ने तुरंत चुटकी लेते हुए मुनव्वर की तरफ देखा और कहा, “धन्यवाद मुनव्वर!” पति की इस हाजिरजवाबी पर अर्चना अपनी हंसी नहीं रोक पाईं और मजाक-मजाक में परमीत को मारने लगीं। सेट पर मौजूद सभी सितारे और दर्शक दोनों की यह ट्यूनिंग देखकर लोट-पोट हो गए।
View this post on Instagram
4 साल लिव-इन के बाद की थी शादी, पंडित ढूंढने आधी रात को निकले थे दोनों
अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। करीब चार साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने 30 जून 1992 को एक-दूसरे का हाथ थामा था। दोनों ने एक शो में खुलासा किया था कि शादी का फैसला इतना अचानक था कि वे आधी रात को 12 बजे पंडित जी की तलाश में निकल पड़े थे। यही नहीं, करियर और निजी कारणों से उन्होंने काफी समय तक अपनी शादी की खबर को दुनिया से छुपाकर भी रखा था। आज शादी के तीन दशक से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी यह जोड़ी इंडस्ट्री की सबसे कूल और खुशहाल जोड़ियों में शुमार है।
बता दें कि ‘पति पत्नी और पंगा 2’ के इस खास सेगमेंट में केवल अर्चना और परमीत ही नहीं, बल्कि टीवी दुनिया के कई बड़े नाम अपनी-अपनी जोड़ियों के साथ पहुंचे हैं। शो में दिव्यांका त्रिपाठी-विवेक दहिया, दिशा परमार-राहुल वैद्य, मनोज तिवारी-सुरभि तिवारी, दीपिका सिंह-रोहित राज गोयल, शब्बीर आहलुवालिया-कांची कौल और अर्जुन बिजलानी-नेहा स्वामी जैसी लोकप्रिय जोड़ियां अपनी पर्सनल लाइफ के मजेदार राज खोलती नजर आ रही हैं।
यह भी पढ़ें– अविनाश मिश्रा ने जीता ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का खिताब, जीत के बाद ईशा सिंह को लगाया गले
