फाजिल्का: पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब सवा एक बजे तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे 3 युवकों की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हनुमानगढ़ रोड से रोटी चौक की ओर पुल से उतरते समय हुआ। मृतकों की पहचान उदय (24), विशाल (22) और रमन (22) के रूप में हुई है। उदय और विशाल सगे भाई थे, जबकि रमन उनका चचेरा भाई था। सभी युवक अबोहर के नजदीक गांव बलुआणा के रहने वाले थे।
पुल से उतरते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। पुल से नीचे उतरते समय चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सामने बने चौक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चौक की संरचना भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही दो युवकों ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन घायल अवस्था में वाहन के अंदर फंसे मिले।
अस्पताल पहुंचने से पहले गई तीन जानें
स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत बाहर निकालकर अबोहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि उन्हें रात करीब डेढ़ बजे फोन पर हादसे की सूचना मिली। जब वे अस्पताल पहुंचे तो तीन युवकों की मौत हो चुकी थी। दो घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद फरीदकोट रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान रोशन और अनमोल के रूप में हुई है।
किन्नू ठेके का काम करते थे युवक
परिजनों और स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी युवक बागों में किन्नू तोड़ने का ठेका लेते थे। रविवार रात भी वे एक डील फाइनल कर लौट रहे थे। उदय शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उदय और विशाल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। दोनों की एक साथ मौत से परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है और गांव बलुआणा में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिटी-1 थाना के एसएचओ रविंदर सिंह ने बताया कि तीनों शवों को अबोहर सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घायलों का इलाज फरीदकोट में जारी है। प्रारंभिक जानकारी में ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

