चंडीगढ़: पंजाबी फिल्म एंड टेलिविजन एक्टर्स एसोसिएशन (पीएफटीएए) द्वारा मोहाली के रतन कॉलेज में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। इस अवसर पर चंडीगढ़ और पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 100 प्रमुख कलाकारों ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध कलाकार मलकीत रौनी ने किया। उन्होंने पीएफटीएए की स्थापना से अब तक की यात्रा और कलाकारों के हितों के लिए किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला।
नवनियुक्त प्रेजिडेंट एमी विर्क ने कहा कि पंजाबी सिनेमा हमारी मातृभाषा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वरिष्ठ कलाकारों के सम्मान की परंपरा को और मजबूत करने तथा उनके लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित करने की घोषणा की। पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ अभिनेत्री निर्मल ऋषि ने भावुक शब्दों में कहा कि वे सिनेमा के लिए हर समय समर्पित रही हैं और उनकी पहचान बड़े और छोटे पर्दे की ही देन है। वरिष्ठ अभिनेता गुरप्रीत घुग्गी ने कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, वे उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने नई कमेटी के गठन की औपचारिक घोषणा भी की।
इस अवसर पर वरिष्ठ कलाकार बी.एन. शर्मा ने पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि संगठन ने कोरोना महामारी और बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया। वरिष्ठ अभिनेता शिवेन्द्र महल ने कहा कि जिस प्रकार मिथुन चक्रवर्ती ने सीआईएनटीएए को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया, उसी तरह उन्हें विश्वास है कि एमी विर्क पीएफटीएए को नई बुलंदियों तक ले जाएंगे। इस मौके पर बिन्नू ढिल्लों, हरीश वर्मा, करमजीत अनमोल, तानिया तथा भारत भूषण वर्मा सहित अनेक कलाकारों ने मंच साझा कर अपने विचार व्यक्त किए।
नई कार्यकारिणी में गुग्गू गिल को चेयरपर्सन, निर्मल ऋषि को मुख्य संरक्षक, बलविंदर विक्की को संरक्षक, एमी विर्क को प्रेजिडेंट, बिन्नू ढिल्लों को सेक्रेटरी जनरल, मलकीत रौनी को सह सचिव, गुरप्रीत घुग्गी को मुख्य सलाहकार, करमजीत अनमोल एवं हरीश वर्मा को सलाहकार, बी.एन. शर्मा को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, शिवेन्द्र महल तथा तानिया को वाइस प्रेसिडेंट, बी.बी. वर्मा को वित्त सचिव, परमजीत भंगू को सहायक सचिव, विनोद शर्मा को प्रेस सचिव नियुक्त किया गया है। कार्यकारिणी सदस्यों में डॉ. रंजीत शर्मा, पूनम सूद, दीदार गिल, प्रकाश जादू, बलजिंदर कौर, अक्षिता, बनिंदर बन्नी, प्रभ ग्रेवाल तथा डॉ. जग्गी धुरी शामिल हैं।

