चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी के सांसदों के पार्टी छोड़ देने के बाद से प्रदेश में राजनीति गरमाई हुई है। इसी बीच आज यह खबर सामने आ रही है कि हाली ही में आप छोड़ भाजपा में शामिल हुए संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो एफआईआर दर्ज की गई। इन दो एफआईआर में से एक करप्शन और दूसरी महिला के शोषण से जुड़ी हुई है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
संदीप पाठक केस दर्ज होने की खबर बाहर आने से पहले दिल्ली स्थित अपने घर से निकल गए। जब मीडिया उनसे बात करने पहुंची तो वह तेजी से गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस दिल्ली स्थित उनके घर पहुंच गई है और कभी भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। हालांकि इन मामलों के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है। संदीप पाठक उन सात सांसदों में शामिल हैं जिन्होंने आप से इस्तीफा देकर भाजपा जॉइन की है।
पार्टी के भीतर इस घटनाक्रम को बड़ा झटका माना जा रहा है। 24 अप्रैल को आप के दस राज्यसभा सदस्यों में से सात नेताओं ने पार्टी छोड़ दी थी। इन नेताओं में राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल शामिल हैं। इन नेताओं ने आरोप लगाया था कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है। सात में से छह सांसद पंजाब से संबंधित हैं। बाद में Rajya Sabha के सभापति C. P. Radhakrishnan ने भाजपा में उनके शामिल होने को आधिकारिक मान्यता दे दी, जिससे उच्च सदन में आप के सदस्यों की संख्या घटकर तीन रह गई है।

