Punjab University protest: पंजाब में नशे के अवैध कारोबार और इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। रविवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के स्टूडेंट्स सेंटर पर संगठन की विश्वविद्यालय इकाई के कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि राज्य में नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अवैध नशा नेटवर्क को ध्वस्त करने, तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसे रोकने के लिए केवल घोषणाओं के बजाय जमीनी स्तर पर कार्रवाई जरूरी है। संगठन ने नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच करने और कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई।
झोटा हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान मानसा के नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने घटना पर रोष जताते हुए मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। दी गई जानकारी के मुताबिक, झोटा की 13 अक्टूबर को एक मेडिकल स्टोर पर कथित तौर पर अवैध नशे की बिक्री को लेकर हुए विवाद के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ABVP ने सवाल उठाया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी सरकार और कानून-व्यवस्था से जुड़ी एजेंसियों की जिम्मेदारी है। संगठन ने मांग की कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाए और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान चलाने वालों को सुरक्षा मिलनी चाहिए, ताकि वे बिना किसी डर के इस सामाजिक समस्या के खिलाफ आवाज उठा सकें।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग
ABVP की पंजाब यूनिवर्सिटी इकाई के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि पंजाब के युवाओं का भविष्य नशे और इससे जुड़े अपराधों की भेंट नहीं चढ़ने दिया जा सकता। उन्होंने शैक्षणिक परिसरों को नशे से मुक्त रखने, विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। संगठन ने पंजाब सरकार, विश्वविद्यालय प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिलकर काम करने की अपील की। ABVP के मुताबिक, नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ युवाओं में जागरूकता बढ़ाना और नशा विरोधी आवाज उठाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। प्रदर्शन के जरिए संगठन ने नशा तस्करी पर रोक लगाने और झोटा हत्याकांड की जांच को लेकर अपनी मांगें सामने रखीं। यूथ कांग्रेसियों ने हरमन सेखों के नेतृत्व में पट्टी में निकाला रोष मार्च

