Punjab Weather Update October 2026 : पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में हुई बारिश और पंजाब के कई हिस्सों में पड़ी ओलावृष्टि के असर से मैदानी क्षेत्रों में ठंडक बढ़ गई है। तापमान में आई गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस गिरकर सामान्य से 2.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
बठिंडा सबसे गर्म, चंडीगढ़ में भी उतरी पारे की चाल
बीते 24 घंटों के दौरान बठिंडा में राज्य का सबसे अधिक 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की विदाई के बाद भी हवा की दिशा में बदलाव के कारण राज्य के अलग-अलग जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
आज इन तीन जिलों में बारिश के आसार, 14 तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज 9 अक्टूबर को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में भी दिन भर आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक 14 अक्टूबर तक पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का यह दौर जारी रह सकता है।
10 और 11 अक्टूबर को आंधी-बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 और 11 अक्टूबर को पंजाब में गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद 15 से 21 अक्टूबर के दौरान एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे ठंड में और बढ़ोतरी होगी। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
ठंडक बढ़ते ही बिजली की मांग में बड़ी गिरावट
तापमान गिरते ही पंजाब में बिजली की खपत में भारी कमी दर्ज की गई है। राज्य में बिजली की कुल मांग घटकर 8,195 मेगावाट पर आ गई है। मांग कम होने से पावरकॉम को बड़ी राहत मिली है।
इस दौरान पंजाब ने केंद्रीय पूल से तय शेड्यूल 4,151 मेगावाट के मुकाबले केवल 3,759 मेगावाट बिजली उठाई, जो निर्धारित कोटे से 392 मेगावाट कम है। राज्य का अपना बिजली उत्पादन 4,437 मेगावाट दर्ज हुआ, जबकि ग्रिड फ्रीक्वेंसी 50.03 हर्ट्ज पर बनी रही।
Punjab Chandigarh Weather Update : पंजाब और चंडीगढ़ में बदला मौसम, उमस से मिली राहत

