September 29, 2026

महिलाओं की सुरक्षा पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- ‘बहरी सरकार दबाव में ही सुनेगी’

0
महिलाओं की सुरक्षा पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- ‘बहरी सरकार दबाव में ही सुनेगी’

महिलाओं की सुरक्षा पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला

Rahul Gandhi Statement: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को महिलाओं के खिलाफ अपराध और उनकी सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने युवाओं और खासकर Gen Z की महिलाओं से बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हजारों छात्र और युवा महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर सड़कों पर हैं। उन्होंने देश की अधिक से अधिक युवा महिलाओं से इन प्रदर्शनों में शामिल होने का आग्रह किया।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं की पीड़ा को लेकर संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार तभी सुनेगी जब उस पर सार्वजनिक दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन को लोकतांत्रिक अधिकार बताया और प्रदर्शन कर रहे युवाओं के समर्थन की बात कही। राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को उनके साथ होने वाले अपराधों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने महिलाओं के सड़क पर चलने, उत्पीड़न और बलात्कार को लेकर डर का मुद्दा उठाया।

 

 

‘महिलाओं को घर में बंद करना समाधान नहीं’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से ऐसा नजरिया सामने आता है जिसमें उन्हें घर पर रहने की सलाह दी जाती है। राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं की स्वतंत्रता सीमित करने के बजाय सार्वजनिक जगहों को सुरक्षित बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुरुषों की मानसिकता का सामना करना होगा और महिलाओं पर हमला करने वालों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अपराधियों को सजा देने की प्रक्रिया में किसी तरह के भेदभाव या अपवाद के खिलाफ भी बात रखी।

राहुल गांधी ने अपने बयान में ‘पितृसत्ता’ को लेकर भी सरकार और समाज पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि ऐसी व्यवस्था में कई बार अपराध की शिकार महिला पर ही सवाल खड़े किए जाते हैं जबकि आरोपी को संरक्षण मिलता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा का समाधान उन्हें घरों तक सीमित करना नहीं है। उनके मुताबिक, सुरक्षित सड़कें, सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर सुरक्षा और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।

 

 

दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर छात्राओं का प्रदर्शन

राहुल गांधी की अपील ऐसे समय आई है जब दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों की ओर से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ आर्ट्स में सैकड़ों छात्र जुटे थे। यह एक सप्ताह के भीतर इस मुद्दे पर हुआ तीसरा और सबसे बड़ा प्रदर्शन बताया गया। प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने खराब स्ट्रीट लाइटिंग, रास्तों पर सुरक्षा की कमी और महिलाओं के रोजमर्रा के आवागमन से जुड़े डर जैसे मुद्दे उठाए। छात्रों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाने की मांग की।  हाल के प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में दक्षिण दिल्ली के एक पार्क में 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित गैंगरेप का मामला भी रहा है। इस घटना के बाद दिल्ली के कई कॉलेजों के छात्रों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रदर्शन किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed