Rajaund News: नरेश कुमार, राजौंद। कैथल जिले के राजौंद कस्बे में सोमवार को राजनीतिक गर्माहट उस वक्त चरम पर पहुँच गई, जब कांग्रेस पार्टी ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया। कलायत विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक विकास सहारण की अध्यक्षता तथा ब्लॉक अध्यक्ष अजय राणा व दलबीर के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और आम लोगों ने हिस्सा लिया।
शिव धर्मशाला से बीडीपीओ दफ्तर तक गूंजे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे
सोमवार सुबह करीब 11 बजे सैकड़ों की तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता कस्बे की शिव धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहाँ से हाथों में पार्टी के झंडे, बैनर और सरकार विरोधी तख्तियां थामे कार्यकर्ताओं का हुजूम सड़कों पर उतरा। महाराणा प्रताप चौक और शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरता हुआ यह रोष मार्च बीडीपीओ कार्यालय तक पहुँचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और सरकार विरोधी नारों से पूरे इलाके को गुंजायमान कर दिया। बीडीपीओ दफ्तर के बाहर रोष मार्च के समापन पर कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।
“मंडियों में लूटा जा रहा है अन्नदाता, बेरोजगारी चरम पर”: विकास सहारण
धरने पर जमा भीड़ को संबोधित करते हुए विधायक विकास सहारण ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के शासनकाल में पूरे देश में लोकतंत्र और संविधान पर संकट मंडरा रहा है। इसी की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ सड़कों पर उतरकर जनता की लड़ाई लड़ रही है। सहारण ने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग सरकार की गलत नीतियों से त्रस्त है। मंडियों में धान लेकर पहुँच रहे किसानों को नमी और अन्य तकनीकी कमियों का बहाना बनाकर सरेआम लूटा जा रहा है और उनकी फसल की सुचारू खरीद नहीं हो रही।
एचकेआरएन को बताया युवाओं का शोषण, लाठीचार्ज की निंदा
युवाओं और प्रशासनिक स्थिति का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। सरकार ‘हरियाणा कौशल रोजगार निगम’ (HKRN) के नाम पर युवाओं का मानसिक और आर्थिक शोषण बंद करे तथा उन्हें सम्मानजनक पक्की नौकरियां प्रदान करे। उन्होंने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले निर्दोष कॉलेज छात्रों पर पुलिस से लाठियां भांजी जा रही हैं और सच दिखाने वाले पत्रकारों की आवाज दबाने का प्रयास हो रहा है। विधायक सहारण ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक अराजकता के खिलाफ कांग्रेस का यह आंदोलन जनता को उसका अधिकार मिलने तक यूँ ही जारी रहेगा।
यह भी देखें – 61 फीट का रावण, 55 फीट का कुंभकरण! कैथल रामलीला मैदान में दहन के लिए पुतले तैयार

