Reality Show: टास्क के दौरान फरहाना भट्ट पर भड़कीं अविका गौर, अब इंस्टाग्राम पर मांगी माफी

टास्क के दौरान फरहाना भट्ट पर भड़कीं अविका गौर
Reality Show: रोहित शेट्टी का स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ (Khatron Ke Khiladi 15) इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है। साउथ अफ्रीका के केपटाउन में चल रही स्टंट की शूटिंग के बीच खिलाड़ियों के आपसी मतभेद और विवाद भी अब सामने आने लगे हैं। शगुन शर्मा और गौरव खन्ना के बीच हुए हालिया विवाद के बाद अब एक्ट्रेस अविका गौर (Avika Gor) और फरहाना भट्ट (Farrhana Bhatt) के बीच हुई खींचतान का एक मामला तूल पकड़ रहा है। हालांकि, मामले को बढ़ता देख ‘बालिका वधू’ फेम अविका ने बड़ा दिल दिखाते हुए अपनी गलती कबूल कर ली है।
टीम सिलेक्शन के दौरान हुआ था विवाद
दरअसल, सोशल मीडिया पर खतरों के खिलाड़ी 15 के सेट से एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें रोहित शेट्टी खिलाड़ियों को एक टास्क देते दिख रहे हैं। इस टास्क के लिए अविनाश को अपनी टीम का कप्तान बनाया जाता है। फरहाना भट्ट पहले से ही अविनाश की टीम का हिस्सा थीं, जिसके बाद कैप्टन अविनाश अविका गौर को अपनी टीम में शामिल करने का फैसला लेते हैं।
अविनाश के इस फैसले पर जब फरहाना मुस्कुराते हुए अविका से कहती हैं, ‘टीम में स्वागत है तुम्हारा’, तो अविका को यह बात रास नहीं आती। अविका तुरंत तंज कसते हुए जवाब देती हैं, ‘तुम तो नहीं चाहती थीं कि मैं इस टीम में आऊं।’ इसके साथ ही अविका चेहरे पर कुछ ऐसे एक्सप्रेशंस देती हैं, जिससे वहां मौजूद बाकी कंटेस्टेंट्स हैरान रह जाते हैं और माहौल में तनाव साफ देखा जा सकता है।
अविका गौर ने मानी अपनी गलती, लिखा- ‘आई एम सॉरी’
शो की क्लिप पर फैंस और व्यूअर्स के रिएक्शन आने के बाद अविका गौर को अहसास हुआ कि उनका रिएक्शन गैर-जरूरी था। उन्होंने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर इस वीडियो को री-शेयर करते हुए फरहाना भट्ट से माफी मांगी।
अविका ने बेहद ईमानदारी से अपनी बात रखते हुए लिखा, “सच कहूं तो मुझे खुद अपना यह बर्ताव बिल्कुल पसंद नहीं आया। मुझे माफ कर दो फरहाना भट्ट। टीम के फैसले से अपसेट होकर आप पर इस तरह रिएक्ट करना पूरी तरह गलत था। ढेर सारा प्यार।” इसके साथ ही अविका ने रेड हार्ट इमोजी भी बनाया है।
एक्ट्रेस के इस कदम की सोशल मीडिया पर तारीफ भी हो रही है, क्योंकि बहुत कम सितारे राष्ट्रीय टीवी पर अपने खराब रवैये को स्वीकार कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का जिगर दिखाते हैं।
यह भी पढ़ें– इमरान हाशमी का वही पुराना दर्द और शबाना आजमी का खौफ, जानिए कैसी है फिल्म
