Rewari News: रेवाड़ी के होटल में मिला राजस्थान के युवक का शव, रात में चुपचाप गायब हुआ साथी

रेवाड़ी के होटल में मिला राजस्थान के युवक का शव, रात में चुपचाप गायब हुआ साथी
Rewari News: दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे के पास बावल क्षेत्र स्थित ‘होटल ग्रीन ओर्थ’ मंगलवार सुबह उस वक्त पुलिस छावनी में तब्दील हो गया, जब कमरा नंबर 101 के अंदर एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान राजस्थान के सरायकलां निवासी जसबीर के रूप में हुई है। जसबीर अपने एक साथी संदीप के साथ सोमवार सुबह ही होटल में ठहरा था। घटना की सूचना मिलते ही बावल थाना प्रभारी (SHO) फूल कुमार पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से जांच शुरू कर दी।
मास्टर की से खोला गया दरवाजा, फर्श पर पड़ा था शव
होटल प्रबंधन के मुताबिक, जसबीर और संदीप ने सोमवार सुबह 101 नंबर कमरा किराए पर लिया था। दोनों ने रिसेप्शन पर बताया था कि वे बावल औद्योगिक क्षेत्र की किसी कंपनी में नौकरी का इंटरव्यू देने आए हैं। सोमवार को इंटरव्यू न होने के चलते उन्होंने मंगलवार सुबह तक रुकने की बात कही थी। हालांकि, सोमवार रात करीब 11:30 बजे संदीप अचानक चेकआउट करके अकेला ही चला गया, जबकि जसबीर कमरे में ही रुका रहा।
मंगलवार सुबह 11:30 बजे जब चेकआउट का समय बीत जाने के बाद भी कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो होटल स्टाफ ने जाकर दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने और कुंडी लगी होने पर कर्मचारियों ने अनहोनी की आशंका में दूसरी (मास्टर) चाबी से दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए—जसबीर फर्श पर बेसुध पड़ा हुआ था और पास की टेबल पर आधा खाया हुआ खाना रखा था।
हत्या या हादसा? जांच में जुटी बावल थाना पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बावल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसएचओ फूल कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में शरीर पर जाहिर तौर पर कोई गंभीर चोट के निशान मिले हैं या नहीं, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। रात में ही होटल छोड़कर गए उसके साथी संदीप से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रात में दोनों के बीच क्या हुआ था। इसके साथ ही पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जसबीर की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई, कोई बीमारी वजह बनी या इसके पीछे कोई साजिश है।
यह भी पढ़ें– Gurugram News: गुरुग्राम की जलमग्न सड़क पर उतरे CARS24 की नाव, पुलिस ने सीज कर ठोका ₹50,000 का चालान
