दिल्ली। डिजिटल दौर में ऑनलाइन फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए 1 जून से बड़ा तकनीकी बदलाव किया गया है। अब जब भी आप किसी को मोबाइल नंबर या क्यूआर कोड के जरिए यूपीआई (UPI) पेमेंट करेंगे, तो पैसे भेजने से पहले स्क्रीन पर उस व्यक्ति का वही आधिकारिक नाम फ्लैश होगा जो उसके बैंक खाते में रजिस्टर्ड है। अब तक लोग सिर्फ नाम का अंदाजा लगाकर या गलत नंबर टाइप होने की वजह से अनजाने में किसी और के खाते में पैसे भेज देते थे। इस नए नियम के लागू होने के बाद फर्जी खातों के जरिए होने वाली साइबर ठगी पर काफी हद तक लगाम लगेगी और आम आदमी का डिजिटल लेनदेन पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित हो जाएगा।
एटीएम का बार-बार इस्तेमाल पड़ेगा भारी, जेब पर बढ़ेगा बोझ
अगर आप अपनी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए बार-बार एटीएम (ATM) जाकर पैसे निकालते हैं, तो अब आपको अपनी यह आदत बदलनी होगी। देश के कई प्रमुख बैंक 1 जून से अपनी एटीएम सेवाओं के सेवा शुल्क (सर्विस चार्ज) में बढ़ोतरी करने जा रहे हैं। बैंकों की तरफ से मिलने वाली तय फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म होने के बाद अब कैश निकालने, मिनी स्टेटमेंट देखने या सिर्फ बैलेंस चेक करने जैसी हर गतिविधि पर उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले ज्यादा फीस चुकानी होगी। इस बदलाव का सीधा असर मध्यवर्गीय और नौकरीपेशा लोगों के मासिक खर्च पर पड़ेगा।
एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें तय, रसोई के बजट पर नजर
हर महीने की पहली तारीख की तरह आज सुबह भी सरकारी तेल कंपनियों ने एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडरों की नई कीमतें सार्वजनिक कर दी हैं। इसके तहत घरेलू इस्तेमाल और कमर्शियल सिलेंडरों के साथ-साथ वाहनों में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी (CNG) और पाइप के जरिए आने वाली पीएनजी (PNG) के दामों की समीक्षा की गई है। कमर्शियल सिलेंडर के दामों में होने वाले किसी भी फेरबदल का सीधा असर बाजार में खाने-पीने की चीजों पर पड़ता है, जिससे होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट का खाना महंगा या सस्ता होता है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे परिवारों के लिए गैस के दाम उनके पूरे महीने के गणित को प्रभावित करते हैं।
जून में दोहरा संकट: स्कूलों की फीस और महंगी सब्जियों की मार
जून का महीना आते ही देश के कई राज्यों में स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां खत्म होने की कद्र पर हैं। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने की वजह से अभिभावकों पर बच्चों की स्कूल फीस, नई किताबें, यूनिफॉर्म और स्कूल वैन के किराए का अतिरिक्त बोझ आ गया है। दूसरी तरफ, देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के उतार-चढ़ाव और भीषण गर्मी के चलते मंडियों में हरी सब्जियों और फलों की आवक प्रभावित हुई है। इसके चलते जून की शुरुआत से ही खाने-पीने की जरूरी चीजों के दाम आसमान छूने लगे हैं, जिसने आम आदमी की थाली का जायका बिगाड़ दिया है।
नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत, सीधे यूपीआई से आएगा पीएफ का पैसा
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े देश के करोड़ों कर्मचारियों के लिए एक बेहद अच्छी खबर है। ईपीएफओ अपनी पुरानी और पेचीदा क्लेम प्रक्रिया को आसान बनाते हुए जल्द ही पीएफ (PF) निकासी की रकम को सीधे यूपीआई के जरिए ट्रांसफर करने की योजना पर काम कर रहा है। इस नई व्यवस्था के शुरू होने के बाद कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति में अपने ही पैसे के लिए हफ्तों का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आवेदन मंजूर होते ही पलक झपकते ही पीएफ का पैसा सीधे कर्मचारी के लिंक बैंक खाते में पहुंच जाएगा।
रेल यात्रियों के लिए जरूरी सूचना: घर से निकलने से पहले चेक करें स्टेटस
यदि आप जून के इस महीने में कहीं घूमने या परिवार के साथ सफर पर निकलने वाले हैं, तो रेलवे स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का शेड्यूल जरूर देख लें। भारतीय रेलवे ने देश के कई रूटों पर ट्रैक अपग्रेडेशन, मरम्मत और मेंटेनेंस के काम की वजह से कई ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया है, जबकि दर्जनों ट्रेनों के रूट बदल दिए हैं। गर्मी की छुट्टियों के चलते ट्रेनों में पहले से ही भारी भीड़ है, ऐसे में रेलवे ने यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए आधिकारिक वेबसाइट या आईआरसीटीसी (IRCTC) ऐप पर अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस चेक करने के बाद ही सफर शुरू करने की सलाह दी है।

