आईपीएल 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले में संजू सैमसन ने दमदार बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदल दिया। चेन्नई के चेपॉक मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में सैमसन ने 56 गेंदों में नाबाद 115 रन ठोक दिए, जिसमें 15 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत सीएसके ने 23 रन से जीत दर्ज की और लगातार तीन हार के बाद राहत की सांस ली।
सिर्फ जीत ही नहीं, चेपॉक में लगातार छह मैच हारने के बाद यह चेन्नई की पहली जीत भी रही। ऐसे में यह पारी टीम और फैंस दोनों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
रवि शास्त्री को बताया ‘लकी चार्म’
मैच के दौरान ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में संजू सैमसन ने हल्के-फुल्के अंदाज में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। थैंक्स टू यू रवि शास्त्री, आप मेरे लकी पर्सन लगते हैं। कृपया हर मैच में आइए सर।”
दिलचस्प बात यह रही कि मैच देखने के लिए उनकी पत्नी चारूलता रमेश भी स्टेडियम में मौजूद थीं, लेकिन सैमसन ने मजाक में शास्त्री को ही अपना लकी चार्म बता दिया।
फॉर्म पर क्या बोले सैमसन
अपनी शानदार फॉर्म को लेकर सैमसन ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो, चाहे फॉर्म कितनी भी अच्छी हो, कुछ असफलताएं मन में संदेह पैदा कर देती हैं। मैं अपने बेसिक्स पर टिके रहना चाहता था।”
उन्होंने आगे कहा कि आक्रामक खेलने को लेकर सोच जरूर रहा था, लेकिन आखिर में बेसिक्स पर भरोसा रखा और वही काम आया।
सीएसके की वापसी, अब नजर अगले मैच पर
इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने टूर्नामेंट में वापसी के संकेत दे दिए हैं। लगातार हार के बाद यह जीत टीम के आत्मविश्वास के लिए अहम मानी जा रही है।
अब टीम 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अगले मुकाबले में उतरेगी और जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी।

