September 18, 2026

Share Market Today: सेंसेक्स की बढ़त आखिर में गायब, निफ्टी लगातार तीसरे दिन चढ़ा; TCS 4.33% फिसला

0
Share Market Today: सेंसेक्स की बढ़त आखिर में गायब, निफ्टी लगातार तीसरे दिन चढ़ा; TCS 4.33% फिसला

शेयर बाजार में मिला-जुला रुख

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को उतार-चढ़ाव के बीच कारोबार का समापन मिला-जुला रहा। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बावजूद आईटी कंपनियों और टाटा समूह की कुछ प्रमुख कंपनियों में बिकवाली का असर सेंसेक्स पर पड़ा। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 19.63 अंक यानी 0.03% गिरकर 74,294.96 अंक पर बंद हुआ। हालांकि कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने मजबूत बढ़त दिखाई थी और एक समय 413.85 अंक यानी 0.55% चढ़कर 74,728.44 अंक तक पहुंच गया था। लेकिन समापन नीलामी सत्र यानी CAS में बाजार ने दिन की बढ़त गंवा दी। इसके विपरीत 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 75.80 अंक यानी 0.33% बढ़कर 23,346.40 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी की लगातार तीसरे कारोबारी सत्र की बढ़त रही।

 

 

TCS समेत इन शेयरों में गिरावट

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में आईटी और टाटा समूह के कई शेयरों पर दबाव रहा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का शेयर 4.33% टूट गया। टाइटन में 2.11%, एशियन पेंट्स में 2%, मारुति में 1.98%, टेक महिंद्रा में 1.82% और टाटा स्टील में 1.73% की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। इससे निफ्टी को बढ़त बनाए रखने में मदद मिली।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड के वायदा भाव में 1.35% की गिरावट आई और यह 103.4 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं सीईओ हरिसेल्वन राधाकृष्णन के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से मुद्रास्फीति, रुपये और भारत की आयात लागत को लेकर कुछ चिंता कम हुई। उन्होंने कहा कि एशियाई बाजारों से मिले समर्थन ने भी चुनिंदा शेयरों में खरीदारी को बढ़ावा दिया। हालांकि आईटी कंपनियों और टाटा समूह की कुछ कंपनियों में कमजोरी के साथ कई बड़े आईपीओ में पैसा जाने से बाजार में व्यापक सुधार सीमित रहा।

 

 

22,569 करोड़ के NSE IPO को दूसरे दिन पूरा सब्सक्रिप्शन

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को शुक्रवार को बोली के दूसरे दिन पूरा अभिदान मिल गया। बड़े आईपीओ में निवेश के लिए बाजार की नकदी जाने का असर व्यापक स्तर पर खरीदारी पर पड़ा। इस बीच शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में 3,208.76 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का SSE कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। इससे एक दिन पहले यानी गुरुवार को सेंसेक्स 21.86 अंक गिरा था, जबकि निफ्टी 53 अंक की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *