August 24, 2026

Sirsa News: सिरसा में कांग्रेस नेता के पोते की तेजधार हथियारों से हत्या, भाई और भतीजा गंभीर

0
Sirsa News: सिरसा में कांग्रेस नेता के पोते की तेजधार हथियारों से हत्या, भाई और भतीजा गंभीर

सिरसा में कांग्रेस नेता के पोते की तेजधार हथियारों से हत्या

Sirsa News: हरियाणा के सिरसा जिले में पुरानी रंजिश को लेकर देर रात एक भीषण वारदात को अंजाम दिया गया। रोड़ी थाना क्षेत्र के गांव झोरड़रोही में बस स्टैंड के पास घात लगाकर बैठे हमलावरों ने तीन लोगों पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वरिष्ठ कांग्रेस नेता के पोते की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 42 वर्षीय कुलबीर सिंह उर्फ निक्का पुत्र सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। कुलबीर उर्फ निक्का अपने भाई रणधीर सिंह और भतीजे जगदीप सिंह के साथ रात में खेत में फसलों की सिंचाई के लिए जा रहा था। जैसे ही वे तीनों गांव के बस स्टैंड के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाए गए, निक्का ने तोड़ा दम

हमलावरों ने तीनों को बेरहमी से पीटा और तेजधार हथियारों से कई वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लहूलुहान हालत में तीनों को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत तीनों घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चोटें अधिक गंभीर होने के कारण देर रात इलाज के दौरान कुलबीर उर्फ निक्का की मौत हो गई, जबकि रणधीर और जगदीप का इलाज चल रहा है।

जमानत पर बाहर आया था मृतक, शराब ठेके से जुड़ा है रंजिश का इतिहास

स्थानीय सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के दादा पोहला सिंह इलाके के सक्रिय कांग्रेस नेता रहे हैं। इस परिवार की गांव के ही एक अन्य पक्ष से लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। कुछ साल पहले शराब ठेके के कारोबार को लेकर पोहला सिंह पक्ष का गांव के ही गंगा सिंह से विवाद हुआ था, जिसमें गंगा सिंह की हत्या हो गई थी। उस मामले में कुलबीर उर्फ निक्का नामजद था और हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था।

माना जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। रोड़ी थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है और आसपास के इलाकों में दबिश देकर हमलावरों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें– अंबाला जेल से रिहा हुए दोनों सिख युवक, समर्थकों ने सिरोपा भेंट कर किया स्वागत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed