Sirsa News: सिरसा में गश्त के दौरान धू-धू कर जली डायल 112 की गाड़ी, पुलिसकर्मियों ने छलांग लगाकर बचाई जान
सिरसा में गश्त के दौरान धू-धू कर जली डायल 112 की गाड़ी, पुलिसकर्मियों ने छलांग लगाकर बचाई जान
Sirsa News: पश्चिम हरियाणा के सिरसा जिले में डबवाली क्षेत्र के ओढ़ां थाने की पुलिस रात के समय एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गई। मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात डायल 112 (ERV) की टीम को गांव रामगढ़ क्षेत्र से एक इमरजेंसी कॉल (इवेंट) मिली थी। कॉल अटेंड करने के बाद चालक सहित तीनों पुलिसकर्मी अपनी गाड़ी से वापस ओढ़ां थाने की ओर रुख कर रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी रामगढ़ से राजपुरा मार्ग पर सुनसान इलाके में पहुंची, अचानक इंजन के बोनट के भीतर से तेज चिंगारियां उठने लगीं।
देखते ही देखते लपटों में घिरी ERV, पुलिसकर्मियों ने छलांग लगाकर बचाई जान
बोनट से धुआं और चिंगारी निकलती देख चालक ने तुरंत गाड़ी को किनारे रोककर ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन चंद सेकेंडों के भीतर ही आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। स्थिति की नजाकत और खतरे को भांपते हुए गाड़ी में सवार तीनों पुलिसकर्मियों ने बिना एक पल गंवाए दरवाजे खोले और बाहर छलांग लगा दी। देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गई।
दमकल के पहुंचने से पहले खाक हुई गाड़ी, तकनीकी खराबी की आशंका
हादसे की सूचना तुरंत दमकल केंद्र और ओढ़ां पुलिस थाने को दी गई। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया, तब तक पुलिस की अत्याधुनिक ERV गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। शुरुआती तौर पर पुलिस और दमकल अधिकारियों का मानना है कि इंजन में शॉर्ट सर्किट होने या वायरिंग में तकनीकी खराबी के चलते आग लगी होगी। फिलहाल स्थानीय पुलिस हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, हिसार मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
