Sirsa News: हरियाणा के सिरसा जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने मंगलवार दोपहर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। राजस्थान सीमा से सटे जमाल गांव (Jamal Village Sirsa) में निर्माणाधीन एक सोलर प्लांट के भीतर घुसकर अज्ञात हमलावरों ने 45 वर्षीय ठेकेदार सुभाष चंद्र की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने वारदात को इतनी बेदर्दी से अंजाम दिया कि सुभाष की पीठ में कई गोलियां लगीं, जो शरीर को चीरती हुई आर-पार निकल गईं।
घटना दोपहर लगभग डेढ़ बजे की है। जमाल गांव में ‘हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड’ के सोलर प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है, जहां गांव जमाल का ही रहने वाला सुभाष चंद्र ठेकेदारी का काम संभाल रहा था। दोपहर के वक्त सुभाष प्लांट के दफ्तर परिसर में बैठा हुआ था, तभी दो से तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बिना संभलने का मौका दिए उस पर फायरिंग शुरू कर दी।
चार बहनों का इकलौता भाई था सुभाष, एक साल पहले ही लौटा था गांव
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी असलहे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर प्लांट में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बदहवास कर्मचारी तुरंत लहूलुहान पड़े सुभाष को सिरसा के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। 45 वर्षीय सुभाष चंद्र चार बहनों का इकलौता भाई था और उसने शादी नहीं की थी। उसके पिता बहादुर सिंह गांव में ही खेती-बाड़ी करते हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि सुभाष पिछले लंबे समय से बाहर ही रहता था और करीब एक साल पहले ही गांव वापस लौटकर सोलर प्लांट में ठेकेदारी के काम से जुड़ा था।
पार्टनर से विवाद और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड: हत्या के पीछे वित्तीय रंजिश का अंदेशा
वारदात की सूचना मिलते ही नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ( Nathusari Chopta Thana Police) और जमाल पुलिस चौकी प्रभारी रामकुमार भारी पुलिस बल के साथ पहले घटनास्थल और फिर नागरिक अस्पताल पहुंचे। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में मामले से जुड़े कई बेहद अहम और चौंकाने वाले सुराग हाथ लगे हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सुभाष चंद्र का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इसके अलावा, सोलर प्लांट में काम के हिसाब-किताब और पैसों के लेन-देन को लेकर पिछले कुछ दिनों से अपने पार्टनर के साथ उसकी तीखी कहासुनी चल रही थी। पुलिस का मानना है कि हत्या के तार इसी वित्तीय विवाद या किसी पुरानी रंजिश से जुड़े हो सकते हैं।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस प्लांट परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही मृतक के कॉल रिकॉर्ड्स (CDR) और उसके बिजनेस पार्टनर्स की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें–Jhajjar News: झज्जर में भीमेश्वरी मंदिर के पास गंदगी पर भड़के लोग, पालिका गेट पर पलटी कचरे से भरी ट्रॉली

