Surajkund Diwali Mela: रोशनी के महापर्व दिवाली से ठीक पहले हरियाणा के फरीदाबाद स्थित प्रसिद्ध सूरजकुंड मेला परिसर में उत्सव का माहौल जमने वाला है। हरियाणा पर्यटन विभाग की तरफ से तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, (Surajkund Mela Faridabad Dates) जिसका आयोजन 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
इस चार दिवसीय सांस्कृतिक और व्यापारिक महाकुंभ का औपचारिक शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 23 अक्टूबर को करेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रदेश के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वहीं, 26 अक्टूबर को होने वाले समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
300 स्टॉलों पर सजेगा हस्तशिल्प और दिवाली का सामान
सूरजकुंड का यह चार दिवसीय मेला देश भर की कला, संस्कृति और शिल्प का अनूठा संगम बनने जा रहा है। मेले परिसर में करीब 300 हस्तशिल्प स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिन पर देश के अलग-अलग कोनों से आए शिल्पकारों के पारंपरिक उत्पाद देखने को मिलेंगे।
इन स्टॉलों पर हथकरघा उत्पाद, खूबसूरत कलाकृतियां, घर की साज-सज्जा का सामान और दिवाली की पूजन सामग्री व सजावटी वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। (Haryana Tourism Department Event) पर्यटन विभाग के इस पहल का मकसद न केवल आम लोगों को त्योहार की खरीदारी के लिए एक ही छत के नीचे बेहतरीन विकल्प देना है, बल्कि देश के दस्तकारों और कारीगरों को अपने हुनर का प्रदर्शन करने के लिए एक बड़ा बाजार उपलब्ध कराना भी है।
फूड कोर्ट में चस्खे और लोक कलाकारों की महफिल
खरीदारी के साथ-साथ खानपान के शौकीनों के लिए भी मेला परिसर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर एक विशाल फूड कोर्ट बनाया जा रहा है, जहां देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके साथ ही प्रतिष्ठित फूड ब्रांड्स के लोकप्रिय पकवान भी यहां उपलब्ध होंगे। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी, जिसमें देश के कोने-कोने से आए लोक कलाकार और नृत्य दल अपनी कला का जादू बिखेरेंगे। दर्शकों के लिए इस बार की सांस्कृतिक संध्या बेहद खास होगी, क्योंकि मशहूर सूफी और लोक गायक कंवर ग्रेवाल अपनी गायकी से महफिल में जान डालेंगे। उनकी सुरीली प्रस्तुतियां आगंतुकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
पर्यटन को बढ़ावा और प्रशासन की अपील
पर्यटन और भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच देने की कड़ी में यह आयोजन बेहद अहम माना जा रहा है। हरियाणा सरकार और पर्यटन विभाग का मुख्य उद्देश्य लोगों को त्योहारी सीजन में मनोरंजन और खरीदारी का शानदार अनुभव कराना है। साथ ही, इससे क्षेत्रीय पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी। राज्य सरकार ने फरीदाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के तमाम जिलों के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ इस भव्य मेले का हिस्सा बनें और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में बदल रहा मौसम का मिजाज, जानिए 22 अक्टूबर तक कैसा रहेगा आपके शहर का हाल

