Tarn Taran Accident : तरनतारन में गलत साइड से आ रही बाइक ने क्लर्क को रौंदा
तरनतारन में गलत साइड से आ रही बाइक ने क्लर्क को रौंदा
Tarn Taran Accident : तरनतारन जिले के थाना गोइंदवाल साहिब अंतर्गत झंडेवाल पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां गलत साइड से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सामने से आ रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तरनतारन अदालत में क्लर्क के रूप में कार्यरत पवनदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
पिता के सामने घटी घटना, अदालत में तैनात थे पवनदीप
मृतक की पहचान पवनदीप सिंह के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह तरनतारन कोर्ट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के पिता जसवंत सिंह ने पुलिस को बताया कि पवनदीप अपनी मोटरसाइकिल (PB 46 AF 8539) पर गांव से वापस लौट रहे थे। जसवंत सिंह खुद अपनी एक्टिवा पर बेटे की बाइक के ठीक पीछे चल रहे थे।
जैसे ही पवनदीप झंडेवाल पुल के समीप पहुंचे, तभी सामने गोइंदवाल साहिब की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (PB 14A 8129) ने लापरवाही से गलत साइड में आकर उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पवनदीप सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
निजी अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज
हादसे के तुरंत बाद जसवंत सिंह और राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल पवनदीप को आनन-फानन में तरनतारन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि चोटें बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने जांच के बाद पवनदीप को मृत घोषित कर दिया।
दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार आरोपी चालक बेदी राम निवासी झंडेर और पीछे बैठे खुशबीर सिंह को भी इस हादसे में मामूली चोटें आई हैं। गोइंदवाल थाना पुलिस ने पिता जसवंत सिंह के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की वैधानिक जांच की जा रही है।
Tajinderpal Singh Toor : Asian Games में मेडल जीतकर आए ओलंपियन तेजिंदरपाल तूर का जोरदार स्वागत
