Tarn Taran Khakh Firing : पंजाब के सरहदी जिले तरनतारन में रंगदारी और फिरौती के मामलों में अचानक आई तेजी ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला गोइंदवाल साहिब-धुंदा मार्ग से सामने आया है, जहां गुरुद्वारा श्री बोहड़ी साहिब के मुख्य सेवादार और गांव खख के पूर्व सरपंच गुरमेज सिंह उर्फ डीसी के घर को देर रात नकाबपोश हमलावरों ने निशाना बनाया। बाइक सवार बदमाशों ने घर की तरफ तीन गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है।
विदेशी नंबर से आई थी फिरौती की कॉल, अनदेखी करने पर बदमाशों ने बोला हमला
पीड़ित पूर्व सरपंच गुरमेज सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से इंटरनेट कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को बड़ा गैंगस्टर बताते हुए उनसे 1 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। शुरुआत में गुरमेज सिंह ने इसे किसी की फर्जी या शरारती कॉल समझकर गंभीरता से नहीं लिया और पुलिस को सूचित नहीं किया। लेकिन बीती रात जिस तरह से उनके घर पर सीधा हमला बोला गया, उससे साफ हो गया है कि रंगदारी न मिलने पर ही अपराधियों ने खौफ पैदा करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
रात साढ़े दस बजे गोलियों की गूंज से सहमा परिवार, सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश
घटनाक्रम का ब्योरा देते हुए गुरमेज सिंह ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे वे अपने परिवार के साथ सो रहे थे, तभी अचानक बाहर से गोलियां चलने की तेज आवाजें आईं। धमाके की आवाज सुनकर जब परिवार के सदस्य जागे और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो पता चला कि मोटरसाइकिल सवार नकाबपोशों ने घर को निशाना बनाकर फायरिंग की थी। गोलियां सीधे पहली मंजिल की बालकनी में जाकर लगीं, जिससे शीशा टूटकर पूरे आंगन में बिखर गया। गनीमत यह रही कि गोली सीधे कमरे के भीतर नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन से सुरक्षा की गुहार, डीएसपी बोले- जल्द बेनकाब होंगे हमलावर
इस खौफनाक घटना के बाद पीड़ित पूर्व सरपंच ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन से अपने तथा अपने परिजनों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी गोइंदवाल साहिब हरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद कर लिए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ तकनीकी सर्विलांस के आधार पर हमलावरों का सुराग लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस फिरौती सिंडिकेट से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

