Uttarakhand news: उत्तराखंड में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के निवेश आंकड़ों को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार पर निवेश के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया। उन्होंने निवेश की ग्राउंडिंग सूची पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि इसमें आटा चक्कियों, खाद-बीज की दुकानों, छोटे क्लीनिकों, सरकारी बिजली कंपनियों और दान से चलने वाले एक स्कूल तक को शामिल किया गया है। राहुल गांधी ने सरकार से निवेशकों की पूरी सूची सार्वजनिक करने की मांग की।
राहुल गांधी के आरोपों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट शानदार रही और निवेश की अच्छी ग्राउंडिंग हुई है। सरकार इसके आंकड़े भी सार्वजनिक कर चुकी है। धामी ने कहा कि राहुल गांधी हर बात पर ऐसे सवाल उठाते हैं, जिनका सच्चाई से कोई संबंध नहीं होता। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां कठिन हैं। ऐसे में राज्य में निवेश को केवल बड़े उद्योगों और बड़ी कंपनियों के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। छोटे कारोबार और स्थानीय स्तर पर होने वाले निवेश से भी लोगों को रोजगार मिलता है और स्वरोजगार के अवसर पैदा होते हैं। धामी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बड़े परिवार में पैदा हुए हैं, इसलिए उन्हें छोटे लोग दिखाई नहीं देते। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य में छोटे-छोटे निवेश करने वाले लोग भी अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में योगदान देते हैं।
राहुल गांधी की आदत हर काम में विघ्न डालने की: धामी
मुख्यमंत्री धामी ने निवेश के मुद्दे पर जवाब देने के साथ ही राहुल गांधी की राजनीतिक कार्यशैली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की आदत बन गई है कि हर काम में विघ्न डालना है। उत्तराखंड या देश में कोई अच्छा काम होने वाला हो, तो उसमें भी बाधा डालने की कोशिश की जाती है। धामी ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर राहुल गांधी की ओर से उठाए जाने वाले सवालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने पर कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग और कभी एसआईआर को जिम्मेदार ठहराया जाता है।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं से सवाल किया कि क्या वे डोभाल के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणी से सहमत हैं। धामी ने कहा कि अजीत डोभाल ने भारत माता की रक्षा के लिए देश और दुनिया में काम किया है। उन्होंने डोभाल को देश का सच्चा सपूत बताते हुए कांग्रेस नेताओं से इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा।
न्यूज लॉन्ड्री की रिपोर्ट साझा करने वाले एक्स यूजर पर केस
निवेश के आंकड़ों को लेकर जारी विवाद के बीच न्यूज लॉन्ड्री की रिपोर्ट सोशल मीडिया पर साझा करने वाले एक्स यूजर कामरान, जिनका हैंडल @citizenkamran है, के खिलाफ देहरादून के राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। उद्योग विभाग के अपर निदेशक मृत्युंजय सिंह की शिकायत पर पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66डी के तहत मामला दर्ज किया।
इस मामले में न्यूज लॉन्ड्री के एडिटर-इन-चीफ राम कृपाल, सीईओ अभिनंदन सेखरी और रिपोर्टर बसंत कुमार को भी कानूनी नोटिस भेजे जाने की खबरें सामने आई हैं। इस घटनाक्रम ने निवेश की ग्राउंडिंग सूची को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री से जुड़े सवालों को भी चर्चा में ला दिया है।

