Rashmika Mandanna Upcoming Movie: 26 फरवरी को शादी रचाकर हमेशा के लिए एक-दूजे के हुए साउथ सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना लगातार सुर्खियों में हैं। फैंस अभी इनकी शादी की खूबसूरत तस्वीरों के खुमार से बाहर भी नहीं निकले थे कि इस नए नवेले जोड़े ने एक और बड़ा सरप्राइज दे दिया है। असल जिंदगी में पति-पत्नी बनने के बाद विजय और रश्मिका जल्द ही फिल्म ‘रणबाली’ (Ranabaali) में एक साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचाते नजर आएंगे।
11 सितंबर को बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देगी ‘रणबाली’
शादी के जश्न के बीच ही विजय और रश्मिका की अपकमिंग फिल्म ‘रणबाली’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। मेकर्स ने तय किया है कि यह एक्शन और रोमांस से भरपूर फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दिलचस्प बात यह है कि शादी वाले दिन यानी 26 तारीख को ही इस फिल्म की अनाउंसमेंट की गई है।
हाल ही में मेकर्स ने ‘रणबाली’ का एक दमदार टीजर भी जारी किया था। इस टीजर को सोशल मीडिया पर दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। शादी के बाद अपने चहेते सितारों को फिर से एक साथ पर्दे पर देखने के लिए फैंस की बेताबी दोगुनी हो गई है। ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ की बंपर सफलता के बाद ‘रणबाली’ इस जोड़ी की तीसरी बड़ी फिल्म होगी।
1 मार्च को रिसेप्शन में लगेगा सितारों का मेला
अपनी नई फिल्म के अलावा यह स्टार कपल अपनी रिसेप्शन पार्टी को लेकर भी चर्चा बटोर रहा है। शादी के तुरंत बाद विजय और रश्मिका 1 मार्च को एक ग्रैंड रिसेप्शन होस्ट करने जा रहे हैं। इस शाही जश्न में बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के तमाम दिग्गज सितारे शिरकत करेंगे।
फैंस के लिए यह समय किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। पहले शादी, फिर नई फिल्म का ऐलान और अब ग्रैंड रिसेप्शन की तैयारी। दर्शक अब बेसब्री से 11 सितंबर का इंतजार कर रहे हैं, जब ‘रणबाली’ के जरिए उनका फेवरेट कपल शादी के बाद पहली बार सिल्वर स्क्रीन पर अपना जादू चलाएगा।

