Yamunanagar crime news: हरियाणा के यमुनानगर शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब महाराणा प्रताप चौक के नजदीक एक नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सुबह-सवेरे शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फौरन इसकी सूचना पुलिस आपातकालीन सेवा डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला।
जेब या कपड़ों से नहीं मिला कोई पहचान दस्तावेज
पुलिस ने जब मृतक के कपड़ों और आसपास के इलाके की तलाशी ली, तो उसकी शिनाख्त से जुड़ा कोई भी दस्तावेज या आईडी कार्ड बरामद नहीं हो सका। शुरुआती जांच में मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसने सफेद रंग की निक्कर और पैरों में चप्पल पहन रखी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह व्यक्ति नाले तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। क्या यह किसी हादसे का शिकार हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इन तमाम पहलुओं पर पुलिस गहराई से जांच कर रही है।
FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर तलब किया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। डायल 112 के अधिकारी यगदत्त ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सुबह स्थानीय लोगों द्वारा शव की सूचना मिलने पर टीम तुरंत सक्रिय हुई। फिलहाल मृतक की पहचान स्थापित करने के लिए आसपास के थानों और गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।
मॉच्युरी में रखवाया गया शव
पुलिस ने एहतियात के तौर पर शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल की मॉच्युरी (शवगृह) में सुरक्षित रखवा दिया है। नियमानुसार 72 घंटे तक शव को शिनाख्त के लिए रखा जाएगा, जिसके बाद आगामी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि जैसे ही मृतक की पहचान होती है, परिजनों को सूचित कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा ताकि मौत के असल कारणों का खुलासा हो सके।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में मौसम का यू-टर्न, इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों की बढ़ी टेंशन

