Yamunanagar murder news: यमुनानगर के हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-18 इलाके में हुए 23 वर्षीय शिवा त्यागी हत्याकांड में पुलिस की सीआईए-1 (CIA-1) टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के मामले में तफ्तीश को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने वारदात में शामिल तीन और आरोपियों को दबोच लिया है। इसके साथ ही इस जघन्य हत्याकांड में अब तक सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर नौ हो गई है। पुलिस ने नए गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी और पूरे घटनाक्रम की बाकी कड़ियों को जोड़ा जा सके।
कुरुक्षेत्र और करनाल के रहने वाले हैं नए गिरफ्तार आरोपी
मामले की जानकारी देते हुए अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि ताजा कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान करनाल जिले के गांव चौपड़ी निवासी सचिन, कुरुक्षेत्र निवासी तुषार और मिलन बामनिया के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात वाले दिन ये सभी आरोपी मौके पर मौजूद थे और इन्होंने शिवा पर जानलेवा हमला करने में मुख्य भूमिका निभाई थी। पुलिस रिमांड के दौरान इनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
पड़ोसी पति-पत्नी के विवाद में सुलह कराने गया था शिवा, मिली दर्दनाक मौत
इस दुखद घटना की शुरुआत एक पारिवारिक विवाद से हुई थी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गांव महादेव का रहने वाला 23 वर्षीय शिवा त्यागी बीती तीन सितंबर को अपने चाचा विक्की के पास यमुनानगर के हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-18 आया हुआ था। उनके चाचा का दोस्त आशीष ठाकुर भी पास में ही रहता है। सात सितंबर को आशीष का अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया, जिसे सुलझाने के लिए शिवा और उसके चाचा आशीष के घर पहुंचे थे। हालांकि, बातचीत के दौरान आशीष ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसके बाद मामला बिगड़ने पर शिवा और उसके चाचा वहां से वापस लौट आए।
लाठी-डंडों से किया था हमला, पीजीआई में तोड़ा था दम
रंजिश में अगले ही दिन आशीष ने अपने भाई हिमांशु और अन्य साथियों—कनिका, लक्ष्य, बादल सहित आठ-दस लोगों को साथ लेकर शिवा और उसके चाचा पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने डंडों और लोहे की रॉड से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें शिवा के सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजन गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शिवा की मौत हो गई। पुलिस ने शुरुआत में 10 सितंबर को मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया था, लेकिन शिवा की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई। पुलिस पूर्व में राजकुमार उर्फ लुक्का, आशीष, अंकित, सत्यम, लक्ष्य और कनिष्क को जेल भेज चुकी है।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में दर्दनाक हादसा, रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

