Yamunanagar News: यमुनानगर में सब्जी की क्रेट हटाते ही निकला 5 फीट लंबा कोबरा, देखें फिर क्या हुआ
यमुनानगर में सब्जी की क्रेट हटाते ही निकला 5 फीट लंबा कोबरा
Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के छछरौली स्थित शेरपुर मोड़ पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक व्यस्त सब्जी की दुकान में 5 फीट लंबा स्पेक्टिकल कोबरा (भारतीय नाग) निकल आया। दुकान मालिक अंकित कुमार अपनी दुकान पर रोजाना की तरह काम कर रहे थे और सब्जियों की क्रेट उठा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने प्लास्टिक की एक क्रेट को हटाया, उसके ठीक पीछे फन फैलाए बैठे विशालकाय ब्लैक कोबरा पर उनकी नजर पड़ी। सामने साक्षात मौत को देखकर दुकानदार के पसीने छूट गए और वे घबराकर पीछे हट गए।
बिना जोखिम उठाए तुरंत दी वाइल्डलाइफ को सूचना
दुकान में इतना खतरनाक और जहरीला सांप मिलने की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों का जमावड़ा लग गया। हालांकि, दुकानदार अंकित ने किसी भी तरह की जल्दबाजी या सांप को खुद हटाने का जोखिम नहीं उठाया। उन्होंने बेहद समझदारी दिखाते हुए तुरंत वन्यजीव (वाइल्डलाइफ) विभाग को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ कैचर और कर्मचारी मोहित गुर्जर रेस्क्यू उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे।
40 सेकंड के त्वरित ऑपरेशन में दबोचा गया सांप
मौके पर पहुंचे वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट मोहित गुर्जर ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुकान के संकरे हिस्से में छिपे सांप को मोहित ने अपनी सूझबूझ और अनुभव के दम पर महज 40 सेकंड के भीतर स्नेक स्टिक की मदद से सुरक्षित दबोच लिया। इतनी तेजी से हुए रेस्क्यू को देखकर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और कर्मचारी के कौशल की सराहना की। इसके बाद कोबरा को सुरक्षित बैग में बंद कर आबादी वाले क्षेत्र से दूर जंगलों में छोड़ दिया गया।
एक्सपर्ट की सलाह: जहरीले जीवों को न छेड़ें, तुरंत दें सूचना
रेस्क्यू के बाद वाइल्डलाइफ कर्मचारी मोहित गुर्जर ने बताया कि स्पेक्टिकल कोबरा बेहद विषैला और खतरनाक होता है, जिसके काटने से जान जाना तय माना जाता है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मानसून के बाद या मौसम बदलाव के दौरान अक्सर ऐसे जहरीले जीव भोजन व आश्रय की तलाश में इंसानी बस्तियों में आ जाते हैं। यदि किसी को भी अपने आसपास या घर में सांप दिखाई दे, तो उसे मारने या पकड़ने का प्रयास बिल्कुल न करें, बल्कि तुरंत वन्यजीव विभाग या विशेषज्ञ स्नेक कैचर को सूचित करें।
यह भी पढ़ें – हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, आज से छमाछम बारिश के आसार
