September 24, 2026

Yamunanagar News: यमुनानगर में दर्दनाक हादसा, सुबह बिस्तर पर नीला पड़ा मिला 26 साल के युवक का शरीर, मौत

0
Yamunanagar News: यमुनानगर में दर्दनाक हादसा, सुबह बिस्तर पर नीला पड़ा मिला 26 साल के युवक का शरीर, मौत

यमुनानगर में दर्दनाक हादसा, सुबह बिस्तर पर नीला पड़ा मिला 26 साल के युवक का शरीर

Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के चूहड़पुर गांव में हाईवे निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों के डेरे में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 26 वर्षीय एक युवक अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के इटाला निवासी अनूप के रूप में हुई है, जो यहां हाईवे प्रोजेक्ट पर हाइड्रा मशीन चलाता था। सुबह जब साथ काम करने वाले मजदूर उसे जगाने पहुंचे, तो वह बिस्तर पर निढाल पड़ा था और उसका पूरा शरीर नीला पड़ चुका था।

साथी मजदूर तुरंत आनन-फानन में अनूप को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।

रात को साथ खाया था खाना, सुबह जब उठाने पहुंचे तो नहीं हुई कोई हलचल

मृतक के साथ रहने वाले मजदूर संतोष ने बताया कि अनूप ठेकेदार द्वारा चूहड़पुर में दिलाए गए अस्थायी कमरों में अन्य साथियों के साथ रहता था। रोज की तरह बुधवार रात को भी सभी मजदूरों ने एक साथ खाना खाया और बातचीत करने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। अनूप भी पूरी तरह स्वस्थ दिख रहा था और सामान्य रूप से सोया था।

गुरुवार सुबह जब साइट पर जाने का समय हुआ, तो साथी अनूप के कमरे के बाहर से आवाजें लगाने लगे। काफी देर तक अंदर से कोई जवाब या हलचल न होने पर जब साथी कमरे के भीतर दाखिल हुए, तो अनूप अचेत अवस्था में पड़ा था। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी सांसें थम चुकी थीं और पूरे शरीर का रंग नीला पड़ गया था।

झाड़ियों के कारण सांप के डसने का शक, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

मजदूर संतोष और अन्य साथियों के मुताबिक, जिस जगह ठेकेदार ने मजदूरों के ठहरने का इंतजाम किया है, उसके चारों तरफ काफी घनी झाड़ियां और घास उगी हुई है। अनूप के शरीर पर पड़े नीले रंग को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि देर रात सोते समय उसे किसी जहरीले सांप या खतरनाक जीव ने डस लिया होगा।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी आधिकारिक रूप से सर्पदंश की पुष्टि नहीं हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी। घटना की जानकारी उत्तर प्रदेश में रह रहे अनूप के परिजनों को दे दी गई है, जिनके यमुनानगर पहुंचने के बाद आगामी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यह भी पढ़ें– ऑपरेशन मुस्कान का कमाल, सोनीपत से लापता 3 नाबालिग बच्चियां कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर मिलीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed