Yamunanagar News: यमुनानगर में 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म, किशोरी हुई गर्भवती, आरोपी पर पॉक्सो एक्ट दर्ज
यमुनानगर में 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म, किशोरी हुई गर्भवती
Yamunanagar News: हरियाणा के यमुनानगर जिले के फर्कपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किए जाने और उसके गर्भवती होने की गंभीर घटना सामने आई है। मामले का खुलासा तब हुआ जब किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को उसके एक माह के गर्भवती होने की जानकारी मिली। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए नामजद आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जान-पहचान का फायदा उठाकर घर ले गया था आरोपी
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी की जान-पहचान आरोपी युवक भव्या के साथ थी। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत भी हुआ करती थी। आरोप है कि बीती 19 अगस्त को आरोपी युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां उसने नाबालिग की मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
तबीयत बिगड़ने पर सामने आई आपबीती
घटना के बाद डरी-सहमी किशोरी ने कुछ समय तक परिजनों को कुछ नहीं बताया। हालांकि, जब उसकी तबीयत में बदलाव आया और जांच कराई गई तो सामने आया कि किशोरी करीब एक माह की गर्भवती है। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों के सामने पूरी आपबीती बयान की। बेटी के साथ हुई इस हैवानियत की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत फर्कपुर थाने पहुंचकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
शिकायत मिलते ही फर्कपुर थाना पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी भव्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर से 4 दिन से लापता युवक का करनाल में नहर से मिला शव, परिवार में पसरा मातम
