Yamunanagar News: यमुनानगर में जमीन विवाद के बीच थाने बुलाकर पीछे से बाड़े से साफ किया लाखों का सामान, सरपंच समेत कई पर FIR
ai genrate
Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के जठलाना थाना अंतर्गत आने वाले कंड्रोली गांव में जमीन के पुराने विवाद ने बेहद गंभीर रूप ले लिया है। अदालत में विचाराधीन एक भूखंड को लेकर चल रही रंजिश के बीच पीड़ित के बाड़े (घेरे) से लाखों रुपये कीमत की निर्माण सामग्री और कृषि उपकरण दिनदहाड़े गायब करने की खौफनाक साजिश सामने आई है। पीड़ित ग्रामीण ने गांव के ही मौजूदा सरपंच मांगेराम और उसके करीब दो दर्जन सहयोगियों पर सुनियोजित तरीके से चोरी और धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित को जांच के नाम पर भेजा कोर्ट, पीछे से बाड़ा साफ
शिकायतकर्ता सुरेंद्र पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि संबंधित जमीन को लेकर उसका अदालत में मुकदमा चल रहा है। इस केस में हरियाणा सरकार, एसडीएम रादौर और डीडीपीओ यमुनानगर को प्रतिवादी बनाया गया है, जबकि गांव का सरपंच मांगेराम भी बाद में इस केस में पक्षकार बनने के लिए अर्जी दे चुका है। सुरेंद्र पाल का आरोप है कि जठलाना थाने से उसे जांच के सिलसिले में बुलाया गया था। जब वह थाने पहुंचा तो जांच अधिकारी कोर्ट गए हुए थे, जिसके बाद वह भी अपने किसी काम से यमुनानगर कोर्ट परिसर चला गया।
इसी दौरान पीड़ित के पास घर से फोन आया कि उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर दर्जनों लोग बाड़े में घुस आए हैं और वहां रखा सामान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लादकर ले जा रहे हैं।
10 क्विंटल सरिया, हैरो-टिलर और शीशम की लकड़ी गायब
पीड़ित के अनुसार जब तक वह वापस पहुंचता, आरोपी बाड़े से करीब 10 क्विंटल सरिया, एक लाख रुपये कीमत के शीशम के फट्टे, कृषि उपकरण जैसे करा, टिलर और हैरो (कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये) गायब कर चुके थे। इतना ही नहीं, बाड़े में रखी भारी मात्रा में पक्की ईंटें, तीन बिजली की मोटरें, लोहे के गेट, खिड़की-दरवाजे, लोहे की एंगल, प्लास्टिक क्रेट्स, 17 टीन की चादरें और लोहे के दो बड़े पिंजरे भी उखाड़कर ले जाए गए। पीड़ित का दावा है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की खुली धमकी भी दी।
पुलिस ने सरपंच समेत 9 को किया नामजद, 20-25 अज्ञात पर शिकंजा
शिकायतकर्ता ने सरपंच मांगेराम के अलावा सन्नी, सुरेश, रमेश, मुकेश, पवन, सोनू, रोहित, सन्नी पुत्र धर्मबीर, केहर सिंह, सलिंद्र, बलिंद्र, रणदीप और अमित समेत 20 से 25 अज्ञात लोगों की मौजूदगी का दावा किया है। जठलाना थाना प्रभारी अमित ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित सुरेंद्र पाल की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही नामजद आरोपियों को पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में दूध की सप्लाई बंद! 100 रुपये प्रति लीटर की मांग पर अड़े किसान
