Yamunanagar News: हरियाणा के यमुनानगर जिले अंतर्गत साढ़ौरा थाना क्षेत्र से खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाने वाला मामला सामने आया है। साढ़ौरा के खारी कुई निवासी और पेशे से एंबुलेंस चालक सन्नी शर्मा की जिम के बाहर सरेआम क्रिकेट बैट और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। वारदात का वीडियो वायरल होने के बाद भी जब पुलिस ने आरोपियों पर शिकंजा नहीं कसा, तो पीड़ित इंसाफ के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक जा पहुंचा। आरोप है कि मुख्यमंत्री से गुहार लगाने के बावजूद पुलिस ने हमलावरों पर एफआईआर दर्ज करने के बजाय उल्टा पीड़ित के खिलाफ ही दूसरे पक्ष की महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ का केस ठोक दिया। पुलिस के इस रवैये से आहत होकर पीड़ित ने परिवार सहित जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त करने की चेतावनी दी है।
3 गाड़ियों में आए 5 हमलावरों ने घेरा, देसी कट्टा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
थाना पुलिस और उच्च अधिकारियों को भेजी शिकायत में पीड़ित सन्नी शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:30 बजे वह जिम से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान तीन गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे करीब 5 युवकों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों के हाथों में क्रिकेट बैट और लाठी-डंडे थे, जिनसे उन्होंने सन्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सन्नी का आरोप है कि पिटाई के दौरान एक आरोपी ने अपनी जेब से देसी कट्टा निकाल लिया और उस पर गोली चलाने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए वह भागकर जिम के अंदर घुसा। हमलावरों ने जिम में भी दाखिल होने का प्रयास किया, लेकिन अंदर मौजूद युवाओं ने उन्हें रोक लिया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए।
“वीडियो सबूत होने पर भी नहीं हुई सुनवाई, उल्टा मेरे ऊपर ही दर्ज कर दी एफआईआर”
पीड़ित सन्नी का आरोप है कि वारदात के बाद उसने पुलिस को पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्य के तौर पर सौंपा, जिसमें आरोपी उसे बेरहमी से पीटते साफ नजर आ रहे हैं। इसके बावजूद साढ़ौरा पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई संज्ञान नहीं लिया। सन्नी का कहना है कि जब स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो वह अपनी फरियाद लेकर सीधे मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिला, फिर भी साढ़ौरा पुलिस के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। आरोप है कि पुलिस ने हमलावरों पर ढिलाई बरतते हुए दूसरे पक्ष के दबाव में आकर उल्टा सन्नी के खिलाफ ही मारपीट और छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया।
बच्चों के खेल को लेकर शुरू हुई थी रंजिश, पत्नी के साथ हाथापाई के बाद रची गई साजिश
घटना के पीछे की वजह बताते हुए सन्नी ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले आढ़ती मनजीत भाटिया के परिजनों से उसका बच्चों के खेलने को लेकर विवाद चला आ रहा था। मनजीत भाटिया के घर की बहू पास के ग्राउंड में खेलने जाने पर सन्नी के बच्चों को बुरा-भला कहती थी, जिसके बाद सन्नी ने अपने बच्चों को वहां जाने से रोक दिया था। कुछ दिन पहले जब सन्नी की पत्नी बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रही थी, तो रास्ते में महिला से उसकी बहस और हाथापाई हो गई। सन्नी का आरोप है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए मनजीत भाटिया पक्ष ने योजनाबद्ध तरीके से जिम के बाहर हमला करवाया। पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि उसे और उसके परिवार को जल्द निष्पक्ष न्याय नहीं मिला, तो वह मजबूरन आत्मघाती कदम उठाने को विवश होगा।
यह भी देखें – यमुनानगर में 60 लाख की हेरोइन के साथ पानीपत का तस्कर गिरफ्तार, बस में लेकर पहुंचा था सप्लाई

