Yamunanagar Visa Fraud: विदेश जाकर पढ़ाई करने का सपना देख रहे युवाओं और उनके परिजनों को निशाना बनाने वाले फर्जी ट्रैवल एजेंटों का नेटवर्क लगातार पैर पसार रहा है। ताजा मामला यमुनानगर जिले के पंजौरा गांव से सामने आया है, जहां एक पिता को अपनी बेटी को उच्च शिक्षा के लिए ब्रिटेन (UK) भेजना भारी पड़ गया। विदेश भेजने का झांसा देकर दो तथाकथित एजेंटों ने उनसे कुल 17.50 लाख रुपये ऐंठ लिए और न तो वीजा लगवाकर दिया और न ही उनके पैसे और दस्तावेज वापस लौटाए।
8 लाख का झांसा देकर ऐंठ लिए 17.50 लाख रुपये
पीड़ित निसार मोहम्मद ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी ने हाल ही में ग्रेजुएशन पूरा किया था और वह आगे की पढ़ाई के लिए यूके जाना चाहती थी। जनवरी 2026 में उनकी मुलाकात भगवानपुर निवासी रियासत अली से हुई। रियासत ने अपने साथी अरुण कुमार के साथ मिलकर दावा किया कि वे बच्चों को स्टडी वीजा पर विदेश भेजने का काम करते हैं। उन्होंने पीड़िता को यूके भेजने का कुल खर्च 8 लाख रुपये बताया और झांसे में लेकर पासपोर्ट व जरूरी कागजात ले लिए। साथ ही कुछ सादे कागजों और स्टांप पेपरों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए।
पैसे लेने के बाद टालमटोल पर उतरे आरोपी
निसार मोहम्मद के मुताबिक, शुरुआती रकम लेने के बाद आरोपियों ने प्रक्रिया का हवाला देते हुए बार-बार और पैसों की मांग की। अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य की आस में पीड़ित ने किस्तों में आरोपियों को 9.50 लाख रुपये और दे दिए, जिससे कुल रकम 17.50 लाख रुपये हो गई। जब दो महीने से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी वीजा नहीं आया, तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने जब अपनी पूरी रकम और बेटी के मूल दस्तावेज वापस मांगे, तो दोनों आरोपी आनाकानी करने लगे और जान से मारने व झूठे केस में फंसाने की धमकियां देने लगे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
परेशान होकर पीड़ित पिता ने पुलिस की शरण ली और आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छप्पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रियासत अली और अरुण कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी देखें – हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर, जानिए किन जिलों में बढ़ी रात की ठंड

