AAP Sarpanch Murder Patti Tarn Taran : पंजाब के तरनतारन जिले में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। हलका पट्टी के अंतर्गत आते गांव तूत के मौजूदा सरपंच और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अश्वनी कुमार उर्फ देवगन की मंगलवार दिनदहाड़े गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। इस जानलेवा हमले में उनके साथी चमकौर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
दाना मंडी जाते समय बाइक सवारों ने घेरी गाड़ी
सरपंच अश्वनी कुमार अपनी दुकान से बेटे, ड्राइवर और मुनीम के साथ इनोवा गाड़ी में सवार होकर गांव तूत की दाना मंडी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी गांव के अड्डे के पास पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बैठे मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। खून से लथपथ अश्वनी कुमार और चमकौर सिंह को तुरंत पट्टी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अश्वनी कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं चमकौर सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए उनका इलाज जारी है।
हमलावरों की तलाश में 7 पुलिस टीमें रवाना, मोबाइल डंप खंगाला
सनसनीखेज हत्या की सूचना मिलते ही तरनतारन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी रिपू दमन सिंह ने बताया कि वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए 7 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास का मोबाइल डंप डाटा उठा लिया है और क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तरनतारन पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए अपने संपर्क नंबर जारी किए हैं, ताकि हमलावरों का जल्द से जल्द सुराग लगाया जा सके।
घटना से इलाके में दहशत, नेताओं ने की कड़ी निंदा
दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड के बाद पूरे पट्टी क्षेत्र में भारी दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही आप के हलका इंचार्ज जस्सा पट्टी ने मौके पर पहुंचकर दिवंगत सरपंच अश्वनी देवगन के शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की।
वहीं, पूर्व विधायक रवींद्र सिंह ब्रह्मपुरा ने वारदात की सख्त शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले चरम पर हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को बिना किसी देरी के गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।
Punjab Weather Update : पठानकोट में झमाझम बारिश, चंडीगढ़ समेत 13 जिलों में आंधी और बिजली का अलर्ट

