Amritsar Border | Police | BSF : भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे Amritsar Border के सरहदी इलाकों में पुलिस और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त नाकेबंदी करते हुए एक बड़ा ऑपरेशन को अंजाम दिया है।
अलग-अलग इलाकों में की गई इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने कुल 1 किलो से ज्यादा हेरोइन, एक हाई-टेक मविक प्रो ड्रोन, 19 जिंदा कारतूस और हजारों रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। मामले में तीन सक्रिय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जबकि ड्रोन से गिराई गई खेप को उठाने वाले गिरोह की तलाश में सीमावर्ती गांवों में पुलिस की छापेमारी जारी है।
राजाताल बॉर्डर पर पाकिस्तान से आया ड्रोन और कारतूसों का जखीरा बरामद
पहला और सबसे गंभीर मामला भारत-पाक सीमा से सटे गांव राजाताल के पास का है। BSF की 181वीं बटालियन को सीमा पार से हुई संदिग्ध हरकत का इनपुट मिला था, जिसके तुरंत बाद स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर ऑपरेशन चलाया गया।
तलाशी के दौरान खेत से 555 ग्राम हेरोइन, 7.63 एमएम के 19 जिंदा कारतूस और पाकिस्तान से आया एक ‘मविक प्रो’ ड्रोन बरामद हुआ। 181 बटालियन की डी कंपनी के कमांडर एसआई संजीव कुमार यादव की शिकायत पर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रोन के जरिए भेजी इस खतरनाक खेप को भारतीय सीमा में कौन रिसीव करने आने वाला था।
अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़: दो शातिर तस्कर गिरफ्तार
दूसरी तरफ, कंबो थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी के दौरान दो शातिर तस्करों—हरविंदर सिंह उर्फ गुड्डा और सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा को धर दबोचा। इनके पास से 468 ग्राम हेरोइन, 1400 रुपये की ड्रग मनी और एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये दोनों आरोपी पंजाब के अलग-अलग जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी हेरोइन की रिटेल सप्लाई करते थे। पुलिस इनकी कॉल डिटेल के आधार पर नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
जंडियाला में आई-20 कार से पकड़ाया तस्कर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त
तीसरे मामले में जंडियाला थाना पुलिस ने एक संदिग्ध आई-20 कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की नामक आरोपी को 20 ग्राम हेरोइन के साथ दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से 80 हजार रुपये की मोटी ड्रग मनी, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, मोबाइल फोन और कार (बिना नंबर) बरामद हुई है।
आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह हेरोइन जंडियाला के ही रहने वाले ‘विजय’ नाम के तस्कर से खरीदकर लाया था। पुलिस ने मामले में विजय को भी नामजद कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देनी शुरू कर दी है।
Amritsar Airport पर Drone Alert का सच आया सामने, टूर्नामेंट की रिकॉर्डिंग के लिए उड़ाया गया था ड्रोन

