Amritsar News : अमृतसर स्थित सिख पंथ के सर्वोच्च धार्मिक स्थल सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) परिसर में गुरुवार को बेअदबी की एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने परिक्रमा के दौरान गुटका साहिब के पावन अंगों को फाड़ दिया। इसके बाद आरोपी ने फाड़े गए अंगों को वहां माथा टेकने आई एक महिला श्रद्धालु की चुन्नी के पल्लू से बांध दिया। घटना की भनक लगते ही शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की टास्क फोर्स और थाना कोतवाली पुलिस हरकत में आई और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
CCTV फुटेज से बेनकाब हुआ आरोपी
एसीपी सेंट्रल सुरिंदर सिंह ने बताया कि SGPC की ओर से शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने गुरुद्वारा परिसर में लगे सर्विलांस कैमरों की जांच शुरू की। CCTV फुटेज में आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां साफ कैद हो गईं, जिसके आधार पर उसकी पहचान कर उसे धर दबोचा गया। पकड़ा गया आरोपी शहीद ऊधम सिंह नगर का रहने वाला मनदीप सिंह है।
ताज्जुब की बात यह है कि जिस महिला की चुन्नी में पावन अंग बांधे गए थे, वह भी उसी के इलाके की रहने वाली है और परिवार के साथ दर्शन करने पहुंची थी। आरोपी के पास से एक पहचान पत्र मिला है, जिसमें उसका पेशा ‘तबला वादक’ लिखा है।
‘दूध लेने निकला था, 2015 से चल रहा है इलाज’ — परिजनों का दावा
घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी मनदीप सिंह की मां जगजीत कौर ने मीडिया के सामने आकर बेटे की मानसिक स्थिति का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि मनदीप पढ़ा-लिखा और पहले काफी धार्मिक प्रवृत्ति का था, लेकिन साल 2015 से वह ‘सिजोफ्रेनिया’ जैसी गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रहा है। उसके पिता भी इसी बीमारी से पीड़ित रहे हैं।
मां के मुताबिक, बीमारी बढ़ने के साथ उसकी सोच काफी हिंसक और नास्तिक हो गई थी। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे वह घर से महज दूध लेने की बात कहकर निकला था, लेकिन 10 बजे खबर आई कि उसे बेअदबी के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस फिलहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
Moga News : मोगा में बिजली कट से भड़के किसान , मोगा-कोटकपूरा हाईवे जाम कर सरकार को दी चेतावनी

