Ateli Mandi Accident News: कनीना रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल और तीन पहिया जुगाड़ वाहन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
इस भीषण दुर्घटना में जुगाड़ सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा कनीना रोड पर शाम के 7:20 पर उस समय हुआ जब मोटरसाइकिल और तीन पहिए के जुगाड़ वाहन की आपस में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस तथा आपातकालीन सेवाओं को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए मंडी अटेली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद जुगाड़ सवार एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान थावर सिंह लोहार (आयु 69 वर्ष) के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मोटरसाइकिल सवार को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस दुर्घटना के असल कारणों की जांच कर रही है।
यह भी देखें – हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में नुआखाई भेटघाट 2026 का हुआ भव्य आयोजन

