Ateli Mandi : देश भर के बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर, 27 सितंबर (रविवार) को खुले रहेंगे बैंक
Ateli Mandi : देश भर के बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर, 27 सितंबर (रविवार) को खुले रहेंगे बैंक
Ateli Mandi : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर देशभर के सार्वजनिक बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर जाने वाले हैं।
इस हड़ताल की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना और पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) स्कीम में संशोधन शामिल है, इसके अलावा कई अन्य मांगें भी लंबे समय से लंबित बताई जा रही हैं।
गौरतलब है कि इन्हीं मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने इस महीने की शुरुआत में हड़ताल की घोषणा की थी, जिसके तहत 11 सितंबर को सभी सार्वजनिक बैंकों की एक दिवसीय हड़ताल हो चुकी है।
उस हड़ताल के बाद सरकार और भारतीय बैंक संघ (आईबीए) ने पीएलआई स्कीम पर रोक तो लगा दी, लेकिन पांच दिवसीय बैंकिंग को लेकर अब तक कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया गया, जिसके चलते अब दोबारा 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय हड़ताल का आयोजन किया जा रहा है।
पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन जिला महेंद्रगढ़ के नेता पवन कुमार का कहना है कि जब रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, सरकार के सभी मंत्रालय, एलआईसी और अन्य कई सरकारी संस्थाओं में पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था लागू है, तो बैंकिंग क्षेत्र में भी यह व्यवस्था लागू होनी चाहिए।
संगठनों का यह भी कहना है कि वर्ष 2024 में हुए द्विपक्षीय समझौते में आईबीए और बैंक यूनियनों के बीच यह सहमति बनी थी कि पांच दिवसीय बैंकिंग को सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा और छह महीने के भीतर इसे लागू कर दिया जाएगा, लेकिन दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद अब तक यह लागू नहीं हो सका है।
बैंक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर जल्द कोई ठोस रुख नहीं अपनाया, तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी घोषणा यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस पहले ही कर चुका है।
वहीं ग्राहकों की सुविधा और 30 सितंबर को होने वाली बैंकिंग अर्धवार्षिक लेखाबंदी को देखते हुए बैंकों ने इस रविवार, 27 सितंबर को बैंक खुले रखने का निर्णय लिया है। हालांकि नियमों के तहत इस दिन चेक से जुड़ा कोई भुगतान, ट्रांसफर, क्लियरिंग या बिल्स संबंधी कार्य नहीं होगा, जबकि बाकी सामान्य सेवाएं यथावत चालू रहेंगी।
