Ateli Mandi City News: कस्बे की कृष्ण कुंज कॉलोनी में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को ठेंगा दिखाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने वार्ड नंबर 2 स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए वहां से लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 52,000 की नकदी चुरा ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित मकान मालिक सुरेश कुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी और तिजोरी को खंगालते हुए सोने की 2 अंगूठियां, कानों की बालियों व टॉप्स के 2 जोड़े, 2 सोने की नथ, चांदी की 2 चूड़ियां, 4 पायल, पैरों की 6 चुटकियां और एक चांदी का मंगलसूत्र चुरा लिया। इसके अलावा चोर अपने साथ 1 किलो 210 ग्राम कुल वजन के चांदी के कीमती सिक्के (200 ग्राम के 4 सिक्के, 100 ग्राम के 3 सिक्के और 10 ग्राम के 11 सिक्के) भी ले गए।
मामले की जांच कर रहे एएसआई सतबीर सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

