Ateli Mandi: राजकीय महाविद्यालय अटेली का परिसर रविवार को भावनाओं, उमंग और पुरानी यादों के सागर में डूब गया, जब कॉलेज की दूसरी एलुमिनी मीट के अवसर पर वर्षों बाद बिछड़े सहपाठी एक बार फिर एक मंच पर जुटे। अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे पूर्व छात्र-छात्राओं ने जब बरसों बाद एक-दूसरे को देखा, तो खुशी से आंखें छलक आईं और सभी गले मिलकर पुरानी यादों में खो गए।
यादों के झरोखे से साझा हुए कॉलेज के किस्से
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए कक्षाओं, दोस्तों के साथ बिताए पलों, शरारतों और गुरुजनों के साथ जुड़े रोचक किस्से साझा किए। किसी ने कॉलेज की कैंटीन की चाय को याद किया तो किसी ने क्लासरूम के हंसी-मजाक के पलों को ताजा किया। सहपाठियों से मिलकर हर किसी को ऐसा महसूस हुआ मानो वे अपनी कॉलेज की दुनिया में वापस लौट आए हों। सभी ने इस मिलन समारोह को अपने जीवन के सबसे सुखद और यादगार पलों में से एक बताया।
दिग्गजों की मौजूदगी ने बढ़ाई गरिमा
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री के डिप्टी चीफ सेक्रेटरी डॉ. यशपाल यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रोजमर्रा की भागदौड़ भरी जिंदगी और जिम्मेदारियों से दूर पुराने साथियों के बीच आना एक बेहद सुकून भरा अनुभव है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और जिस शिक्षण संस्थान में जीवन के सबसे अहम वर्ष बीते हों, वहां लौटकर पुराने मित्रों से मिलना हमेशा विशेष अहसास कराता है। इस आयोजन में दिल्ली के जिला एवं सत्र न्यायाधीश यादवेंद्र यादव और जिला शिक्षा अधिकारी विश्वेश्वर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश सैनी के मार्गदर्शन में हुए इस सफल आयोजन की सभी ने सराहना की। मंच का बेहतरीन संचालन डॉ. पुखराज द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अटेली ब्लॉक समिति के चेयरमैन राजेंद्र, राजकुमार यादव, एडवोकेट सुरेश गढ़ी, पूर्व अध्यक्ष संजय गोयल,कर्मवीर बिहाली, पूर्व प्रधान कॉलेज के अनिल यादव ,देवेंद्र एडवोकेट, अशोक कुमार यादव, डॉ. नीरज चौहान, डॉ. बजरंग, डॉ. अनिल कालिया, डॉक्टर अक्षत कुमार, डॉ. सुमेश कुमार, डॉ. महेश कुमार और सुनील गुवानी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग व पूर्व छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से निरंतर मिलते रहने का संकल्प लिया।
यह भी देखें – झंडा चौक पर रामलीला का रोमांचक मंचन, बाली वध से लेकर लंका दहन के दृश्यों ने मोहा दर्शकों का मन, गूंजे जय श्रीराम के नारे

