Ateli Mandi News: अटेली क्षेत्र के गांव सलीमपुर में बाबा निहालचंद सेवादल पटीकरा की और से रेडक्रॉस नारनौल के सहयोग से 26वां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निजी सचिव गोविंद गोस्वामी एवं विशिष्ट अतिथि सिहमा पंचायत समिति के चेयरमैन प्रतिनिधि राजकुमार यादव रहे।
शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए 30 यूनिट रक्तदान किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि गोविंद गोस्वामी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
रक्तदान करने से समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होती है।शिविर के दौरान रक्तदाताओं को बैज लगाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सरपंच कुमारी आरती यादव ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है। रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है।
ऐसे में रक्तदाताओं का योगदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक होकर आगे आना चाहिए और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। इस मौके पर डॉ. नरेंद्र, समाजसेवी मास्टर जसवंत , अरविंद, रामनिवास, रवि, रतनलाल, जयसिंह, सुनील तथा रेडक्रॉस से नूर और संदीप सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी देखें – अटेली सीएचसी में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित, 59 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

