Barmer News: राजस्थान के बाड़मेर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी और 15 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। नागाणा थाना क्षेत्र के खीपसर गांव में खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर मवेशियों के बाड़े पर गिर गया। तार गिरने से बाड़े में करंट फैल गया और वहां बंधे मवेशी तड़पने लगे। पुलिस के अनुसार, रावताराम (45) और उनकी पत्नी वीरों देवी (41) गुरुवार सुबह खेत में काम कर रहे थे। पास ही बने बाड़े में उनकी 15 भेड़-बकरियां बंधी थीं। मवेशियों को करंट की चपेट में आया देख रावताराम उन्हें बचाने के लिए दौड़े। इसी दौरान बाड़े में लगे लोहे के जाल को छूते ही वह करंट की चपेट में आ गए। पति को करंट से छटपटाते देख वीरों देवी भी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ीं, लेकिन वह भी बिजली के संपर्क में आकर झुलस गईं। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। करंट की चपेट में आने से बाड़े में मौजूद 15 भेड़-बकरियों ने भी दम तोड़ दिया।
बिजली बंद कराने में देरी का आरोप, जीएसएस पर कर्मचारी नहीं होने का दावा
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने बिजली बंद कराने के लिए फोन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईटेंशन तार टूटकर गिरने के बाद खीपसर के जीएसएस पर संपर्क किया गया, लेकिन वहां बिजली आपूर्ति बंद करने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। ग्रामीणों के मुताबिक, बाद में डिस्कॉम कर्मचारियों से संपर्क कर बिजली बंद करवाई गई। हालांकि, बिजली बंद कराने में हुई देरी और जीएसएस पर कर्मचारियों की मौजूदगी को लेकर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। परिजन और ग्रामीण सुबह करीब 11 बजे से धरने पर बैठ गए और मामले को लेकर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बायतु के डीएसपी दीपेंद्र सैनी ने बताया कि परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस स्थिति संभालने और ग्रामीणों को समझाने में जुटी है।
हादसे में जान गंवाने वाले रावताराम और वीरों देवी के तीन बच्चे हैं। उनके दो बेटे हरजीराम (22) और विष्णा राम (20), जबकि एक बेटी साजियों (18) है। माता-पिता की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में एक ही हादसे में दो लोगों और 15 मवेशियों की मौत से शोक का माहौल है। वहीं, ग्रामीण बिजली व्यवस्था और जीएसएस पर कर्मचारियों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों का धरना जारी है और पुलिस उनसे बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश कर रही है।
राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, कार के डंपर से भिड़ने से खुली जेल लौट रहे 2 कैदियों की मौत

