भिवानी। भिवानी जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे कानून के रखवालों पर भी हमला करने से बाज नहीं आ रहे हैं। सोमवार की देर रात कुसुंभी और देवसर मोड़ के बीच पड़ने वाले खेतों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां सट्टा खाईवाली की सूचना पर पहुंची सीआईए की टीम पर बदमाशों ने जानलेवा हमला बोल दिया। जुआ और सट्टे के इस गुप्त ठिकाने पर जैसे ही पुलिस ने दबिश दी, वहां मौजूद अपराधियों में खलबली मच गई।
भागने के लिए पुलिसकर्मी पर चढ़ाई गाड़ी
खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय बेहद आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया। मौके से भागने की फिराक में बदमाशों ने अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और सीधे सामने खड़े पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दी। इस अचानक हुए हमले में वहां मुस्तैद हेड कांस्टेबल सुनील कुमार गाड़ी की सीधी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुनील दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। इस अफरातफरी के बीच आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए अपनी गाड़ी सहित मौके से रफूचक्कर होने में कामयाब रहे।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
लहूलुहान हालत में घायल हवलदार सुनील कुमार को सीआईए के अन्य जवानों ने तुरंत संभाला और आनन-फानन में जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, सुनील के सिर पर गहरी चोट आई है और हाथ की हड्डी टूट गई है, हालांकि समय पर इलाज मिलने के कारण फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
डीएसपी क्राइम बोले- जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय जुई कलां थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पुलिस ने ड्यूटी के दौरान जानलेवा हमला करने, सरकारी काम में बाधा डालने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और उनके संभावित ठिकानों पर सीआईए समेत कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

