Bhiwani Ramlila 2026: भिवानी में आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे रामलीला मंचन को लेकर कलाकारों और शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार की रामलीला अपने कलाकारों की अनूठी पृष्ठभूमि और पारिवारिक संयोगों के कारण खासी सुर्खियों में है। ( haryana ramlila update) मंच पर निभाए जाने वाले किरदारों और कलाकारों के वास्तविक जीवन के बीच का तालमेल ऐसा है जो दर्शकों को हैरान भी कर रहा है और आकर्षित भी। रामलीला कमेटियों की रिहर्सल पूरी हो चुकी है और कलाकार अपनी कला के जरिए मंच पर जीवंतता लाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रियल लाइफ उर्मिला हैं लक्ष्मण की पत्नी, साले बन रहे रावण
भिवानी की इस रामलीला में सबसे दिलचस्प इत्तेफाक लक्ष्मण के किरदार को लेकर है। साल 1993 से रामलीला से जुड़े सुरेश सैनी इस बार लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनके वास्तविक जीवन में भी उनकी पत्नी का नाम उर्मिला ही है। रामायण की कथा के अनुसार लक्ष्मण की पत्नी का नाम भी उर्मिला था।
यही नहीं, उनके परिवार का जुड़ाव भी इस कला से गहरा है क्योंकि उनकी ससुराल रोहतक के खेरड़ी गांव से है और उनके साले नरेंद्र सैनी इसी रामलीला में रावण का किरदार निभा रहे हैं। सुरेश सैनी बताते हैं कि वनवास के दृश्यों के दौरान उनके गुरु सत्यनारायण शर्मा उन्हें पांच-छह दिनों तक घर जाने की अनुमति नहीं देते और वे स्टेज पर ही सोते हैं तथा सात्विक उपवास रखते हैं।
27 साल से राम बन रहे मुकेश वर्मा, हनुमान मंदिर से है गहरी आस्था
भिवानी की हनुमान ढाणी निवासी मुकेश वर्मा पिछले करीब 27 सालों से रामलीला में भगवान राम का मुख्य किरदार निभा रहे हैं। पेशे से पेंटिंग आर्टिस्ट मुकेश ने साल 1997 में शुरुआत में दो साल सीता का रोल किया था, जिसके बाद से वे लगातार राम का ही किरदार निभा रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार उन्हें दूसरे रोल ऑफर हुए, लेकिन किन्हीं न किन्हीं कारणों से अंत में राम का ही किरदार उनके हिस्से आया।
राम की वेशभूषा धारण करने के बाद वे जमीन पर पैर रखने से लेकर हर मर्यादा का पालन करते हैं। वे अक्सर हनुमान जोहड़ी धाम मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाते हैं और मंच के अंतिम दिन जब लोग उन्हें पूजते हैं तो वह पल उनके लिए बेहद भावुक होता है।
पहली बार सीता बन रहे राम कौशिक और पुराने कलाकारों की वापसी
इस आयोजन में कुछ नए प्रयोग भी देखने को मिल रहे हैं। किरोड़ीमल मंदिर के पास रहने वाले राम कौशिक इस बार सीता और मां लक्ष्मी का किरदार निभा रहे हैं। (haryana cultural news) स्कूल के दिनों में जिला स्तर पर बेस्ट एक्टर रह चुके राम कौशिक इसके लिए पिछले एक महीने से कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर पुराने मंजे हुए कलाकारों की भी वापसी हुई है।
शांति नगर के रहने वाले पवन शर्मा करीब 21 साल के लंबे अंतराल के बाद इस बार अहीरावण के रूप में मंच पर लौट रहे हैं। इसके अलावा 1994 से अभिनय कर रहे पवन कौशिक इस बार बाली और खरदूषण की भूमिका में नजर आएंगे, जो कभी बाल कलाकार के रूप में कौशल्या और मंदोदरी जैसे रोल भी कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें– CJP Protest: जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी हिरासत में, हरियाणा में नेताओं पर पुलिस का पहरा

