Bhiwani Rohtak Highway: भिवानी-रोहतक नेशनल हाईवे-709 पर सफर करने वाले वाहन चालकों और पास बसे खरक गांव के लोगों के लिए सड़कें अब सहूलियत नहीं, बल्कि मुसीबत का पर्याय बन चुकी हैं। गांव खरक कलां के पास नेशनल हाईवे पिछले एक साल से इस कदर बदहाल है कि यहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं। आलम यह है कि हाईवे पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जन प्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अमला तक इस ओर से आंखें मूंदे बैठा है।
टोल की वसूली पूरी, लेकिन रास्ते खेतों की पगडंडियों से भी बदतर
स्थानीय निवासी विजय सिंह फौजी ने प्रशासन के दावों की पोल खोलते हुए कहा कि हाईवे पर चढ़ते ही जेब से टोल टैक्स तो तुरंत काट लिया जाता है, लेकिन बदले में जो सड़क मिलती है, उससे बेहतर तो गांवों के कच्चे रास्ते हैं। खरक में न तो रेलवे स्टेशन की हालत ठीक है और न ही मुख्य हाईवे की। विकास के बड़े-बड़े विज्ञापनों के बीच धरातल पर तस्वीरें कुछ और ही गवाही दे रही हैं।
सड़क पर जगह-जगह गंदा पानी जमा होने के कारण पैदल चलना तक मुहाल हो चुका है। स्थानीय विधायक और एनएचएआई के अधिकारियों से लगातार गुहार लगाने के बाद भी धरातल पर कोई सुधार नजर नहीं आ रहा।
बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण, 3 किलोमीटर दूर से लाने की मजबूरी
हाईवे की बदहाली तो एक बानगी भर है, गांव खरक कलां के लोग इन दिनों पेयजल किल्लत की दोहरी मार झेल रहे हैं। ग्रामीण जयवीर सिंह और सुंदर सिंह ने बताया कि गांव के जलघर में सुविधाओं का नामोनिशान नहीं है। हालात ऐसे बन चुके हैं कि महीनों तक नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं टपकती।
घरों की गृहणियों और बुजुर्गों को 2 से 3 किलोमीटर दूर लगे हैंडपंपों से सिर पर, साइकिल या बाइक पर पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। पानी की किल्लत से तंग आकर ग्रामीणों ने कई बार समितियां बनाईं, अधिकारियों के चक्कर काटे और यहां तक कि उपायुक्त (डीसी) को भी लिखित शिकायतें सौंपीं, लेकिन आश्वासनों के सिवा आज तक कुछ हासिल नहीं हुआ।
हादसों का बना रहता है डर, तुरंत समाधान की मांग
हाईवे पर हर समय उड़ती धूल और अचानक सामने आ जाने वाले गड्ढों की वजह से दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हाईवे की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया और गांव में पीने के पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे और कड़ा रुख अपनाने को मजबूर होंगे।
यह भी पढ़ें–Faridabad News: फरीदाबाद में हनीट्रैप का भंडाफोड़, अश्लील वीडियो के नाम पर 1 लाख वसूलती महिला गिरफ्तार

