Bollywood News: ‘दृश्यम 3’ के बीच जुहू बीच पर कचरा उठाते दिखे अजय देवगन, जीता फैंस का दिल
'दृश्यम 3' के बीच जुहू बीच पर कचरा उठाते दिखे अजय देवगन
Bollywood News: अपनी ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी फिल्म ‘दृश्यम 3’ (Drishyam 3) को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन का एक नया और सामाजिक रूप देखने को मिला है। अपनी फिल्मों की व्यस्तता से समय निकालकर अजय देवगन शनिवार सुबह मुंबई के प्रसिद्ध जुहू बीच पहुंचे, जहां वे एक बड़े स्वच्छता अभियान का हिस्सा बने।
गणेश विसर्जन के बाद जुहू बीच पहुंचे अजय
मुंबई का जुहू बीच शहर के सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा स्थलों में से एक है, जहां अनंत चतुर्दशी और गणेश विसर्जन के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। विसर्जन के बाद अक्सर समुद्र तटों पर बड़े पैमाने पर पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा जमा हो जाता है। शनिवार सुबह सामने आए वीडियो और तस्वीरों में अजय देवगन खुद हाथों में दस्ताने पहने दूसरे वॉलंटियर्स के साथ मिलकर बीच पर फैला कचरा उठाते और साफ-सफाई करते नजर आए।
‘अगर घर अपना है, तो शहर भी हमारा है’
सफाई अभियान के दौरान अजय देवगन ने वहां मौजूद छात्रों और युवाओं से संवाद किया और उन्हें पर्यावरण व नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। अजय ने बेहद सरल और प्रभावशाली अंदाज में कहा, “मैं यहां आकर बेहद खुश हूं। मेरा आप सभी युवाओं और छात्रों से एक सीधा सवाल है—क्या आप सभी को अपना घर पसंद है? जिस तरह हम सभी अपने घर से प्यार करते हैं और उसे हमेशा साफ-सुथरा रखते हैं, ठीक उसी तरह हमें अपने देश, अपने शहर और अपने समुद्र तटों से भी प्यार करना चाहिए।”
View this post on Instagram
उन्होंने आगे कहा, “जब तक हम व्यक्तिगत रूप से यह तय नहीं करेंगे कि हमें अपने आसपास के वातावरण को साफ रखना है, तब तक कोई बड़ा बदलाव संभव नहीं है। अगर हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे और थोड़ी सी कोशिश करे, तो हम सब मिलकर अपने देश को बेहद आसानी से स्वच्छ बना सकते हैं। जो लोग गंदगी फैलाते हैं, आप उनसे भी विनम्रता से कह सकते हैं—’यह मेरा भी देश और शहर है, कृपया इसे साफ रखें।’ हमारा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य आप सभी युवाओं के हाथों में है।”
फैंस ने की काम की सराहना
सोशल मीडिया पर अजय देवगन के इस सफाई अभियान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। रील लाइफ में अपने कड़क और गंभीर अभिनय के लिए जाने जाने वाले अजय के इस रियल लाइफ कदम की प्रशंसक जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि एक बड़े स्टार द्वारा खुद आगे बढ़कर इस तरह धरातल पर काम करना समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक है।
यह भी पढ़ें– TheVvan फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ ने पहले दिन कमाए 8 करोड़, ‘परम सुंदरी’ को छोड़ा पीछे
