Canada Punjabi youth target killing Langley : कनाडा की धरती पर एक बार फिर गैंगवार और हिंसा की खौफनाक तस्वीर सामने आई है, जहां एक युवा पंजाबी की सरेआम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। यह वारदात ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली इलाके में हुई, जिसने वहां रहने वाले भारतीय समुदाय और पंजाब के परिवारों के बीच चिंता की लहर दौड़ा दी है। कनाडा में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों के बीच यह घटना एक बार फिर गैंग कल्चर और टारगेट किलिंग के काले सच को बेनकाब करती है।
घटना 5 अक्टूबर की शाम की है, जब लैंगली के एक लोकप्रिय ‘कैक्टस क्लब कैफे’ के बाहर सफेद रंग की एक लग्जरी रेंज रोवर गाड़ी खड़ी थी। बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय जीवन जोहल इसी गाड़ी के भीतर बैठा हुआ था, तभी घात लगाकर आए दो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
हमलावर इतनी सफाई और तेजी से आए कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गोलीबारी की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और जब तक पुलिस या मदद पहुंचती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जलती हुई गाड़ी ने खोले कई राज, सबूत मिटाने की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो घटनास्थल से महज एक किलोमीटर की दूरी पर एक गाड़ी संदिग्ध हालत में जलती हुई मिली।
जांच एजेंसियों का मानना है कि हमलावरों ने वारदात के बाद अपने पद चिह्नों और सबूतों को मिटाने के इरादे से इस वाहन को आग के हवाले किया होगा। पुलिस अब इस बात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है कि क्या यह जली हुई गाड़ी उसी हत्या से जुड़ी है जिसका इस्तेमाल हमलावरों ने भागने के लिए किया था।
गैंगवार से जुड़ा है पुराना नाता, पहले भी मिल चुकी थी चेतावनी
शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। कनाडाई पुलिस के मुताबिक, मारा गया युवक जीवन जोहल कुख्यात ‘ब्रदर्स कीपर्स’ गैंग से जुड़ा हुआ था। कानून प्रवर्तन एजेंसियों को पहले से ही इस बात की भनक थी और इसी9 खतरे को भांपते हुए पुलिस ने जीवन जोहल और उसकी पत्नी को आधिकारिक तौर पर चेतावनी भी जारी की थी। बावजूद इसके, यह खूनी खेल नहीं रुका और आखिरकार उसे टारगेट किलिंग का शिकार होना पड़ा।
फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की जांच ‘इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम’ (IHIT) के हवाले कर दी गई है। पुलिस की विशेष टीमें इस बात की थाह ले रही हैं कि जीवन जोहल का आपराधिक दायरा कितना बड़ा था और इस पूरी साजिश के पीछे असल मास्टरमाइंड कौन है। कनाडा में लगातार पनप रहे गैंग कल्चर के साए में हुई इस हत्या ने एक बार फिर वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Punjab education revolution : सरकारी स्कूलों को विश्वस्तरीय बनाने के लिए आगे आए 21 लाख अभिभावक

