August 15, 2026

Chamoli Tunnel Accident: CM धामी ने घायल श्रमिकों से की मुलाकात, कहा- हर जान कीमती, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

0
Chamoli Tunnel Accident: CM धामी ने घायल श्रमिकों से की मुलाकात, कहा- हर जान कीमती, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

CM धामी ने घायल श्रमिकों से की मुलाकात

Chamoli Tunnel Accident: चमोली के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पहुंचकर राहत और बचाव अभियान का जायजा लिया। इसके बाद वह जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे, जहां रेस्क्यू कर बाहर निकाले गए घायल श्रमिकों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं की भी जानकारी डॉक्टरों से ली और इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

 

‘हर श्रमिक की जान बेहद कीमती’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान सरकार के लिए बेहद कीमती है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू अभियान के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

धामी ने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने देने की बात कही।

 

घायलों के इलाज पर डॉक्टरों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायल श्रमिकों की स्वास्थ्य स्थिति और उन्हें दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और डॉक्टरों से कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

 

परिजनों को सूचना देने के लिए राज्यों के CM से की बात

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से खुद बातचीत की है।

इससे अलग-अलग राज्यों से उत्तराखंड में काम करने आए श्रमिकों के परिवारों तक हादसे और रेस्क्यू अभियान की जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

 

हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के जरिए हादसे की परिस्थितियों और इसके कारणों का पता लगाया जाएगा।

सरकार का फोकस फिलहाल टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायल श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने पर है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद मुख्यमंत्री के गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचने के दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल समेत अन्य संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

टनल हादसे के बाद प्रशासन और बचाव एजेंसियां लगातार अभियान में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने भी स्पष्ट किया है कि फंसे श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए उपलब्ध संसाधनों का पूरा इस्तेमाल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed