Chandigarh Bus Terminal: 6 एकड़ में बनेगा चंडीगढ़ का नया का बस अड्डा, रोज 15 हजार यात्रियों को मिलेगी सुविधा
चंडीगढ़ में 100 करोड़ से बनेगा नया बस टर्मिनस
Chandigarh Bus Terminal: चंडीगढ़ के मनीमाजरा में जल्द ही पांच राज्यों की बसों के लिए नया ठिकाना बनाने की तैयारी है। नगर निगम हाउसिंग बोर्ड चौक के पास करीब 6 एकड़ जमीन पर इंटीग्रेटेड बस टर्मिनस विकसित करने की योजना बना रहा है। इस प्रोजेक्ट पर 80 से 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। टर्मिनस बनने के बाद यात्रियों को अंतरराज्यीय बस पकड़ने के लिए सेक्टर-43 स्थित ISBT तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नए बस टर्मिनस से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लिए बसें चलाने की योजना है। यहां रोजाना करीब 15 हजार यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी और एक समय में 20 से 25 बसें खड़ी हो सकेंगी। इससे मनीमाजरा के अलावा पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मनीमाजरा का मौजूदा बस स्टैंड सीमित जगह में संचालित हो रहा है। यहां मुख्य रूप से चंडीगढ़ और मनसा देवी के बीच चलने वाली लोकल बसें आती-जाती हैं। रोजाना करीब 5 हजार यात्री इस बस स्टैंड का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन सीमित जगह के कारण यात्रियों और बसों दोनों को परेशानी होती है। बसों की आवाजाही के चलते आसपास की सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है। यात्रियों के बैठने, पार्किंग और साफ-सफाई जैसी सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में नया टर्मिनस बनने से बसों की आवाजाही व्यवस्थित करने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की योजना है। मौजूदा बस स्टैंड पर रोजाना करीब 5 हजार यात्रियों का दबाव है, जबकि प्रस्तावित टर्मिनस की क्षमता 15 हजार यात्रियों की होगी। इससे भविष्य में यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में भी मदद मिल सकती है।
पांच राज्यों के साथ 8 शहरों के लिए भी चलेंगी बसें
प्रस्तावित टर्मिनस को केवल अंतरराज्यीय बसों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। यहां से आसपास के शहरों के लिए लोकल बस सेवाएं भी जोड़ने की योजना है। इसके तहत रायपुररानी, शहजादपुर, नारायणगढ़, जीरकपुर, डेराबस्सी, लालडू, बनूड़ और राजपुरा के लिए बसें चलाने का प्रस्ताव है। इससे मनीमाजरा को एक बड़े परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा। यात्रियों को एक ही जगह से दूसरे राज्यों के साथ-साथ आसपास के शहरों के लिए भी बसें मिल सकेंगी। खासकर पंचकूला और आसपास के इलाकों से चंडीगढ़ आने-जाने वाले लोगों को इससे सुविधा मिलने की उम्मीद है। अभी अंतरराज्यीय बसों के लिए यात्रियों को सेक्टर-43 ISBT जाना पड़ता है। नया टर्मिनस बनने के बाद मनीमाजरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अपने नजदीक से बस सेवा मिलने का विकल्प उपलब्ध होगा।
करीब 6 एकड़ में बनने वाले इस टर्मिनस में बसों के लिए पर्याप्त जगह के अलावा सरफेस और मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था करने की योजना है। यात्रियों के बैठने और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए भी अलग जगह विकसित की जाएगी। इसके साथ ही परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए दुकानें और अन्य कॉमर्शियल स्पेस भी बनाए जाएंगे। नगर निगम इन दुकानों और व्यावसायिक संपत्तियों को लीज या किराये पर देकर कमाई कर सकेगा। इसके अलावा पार्किंग शुल्क, विज्ञापन और बसों के एग्जिट शुल्क से भी निगम को आय होने की उम्मीद है। इस तरह प्रस्तावित टर्मिनस से यात्रियों को परिवहन सुविधाएं मिलने के साथ नगर निगम के लिए राजस्व जुटाने का रास्ता भी खुलेगा। हालांकि, इन सुविधाओं और व्यावसायिक गतिविधियों को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही आगे बढ़ाया जाएगा।
100 करोड़ के प्रोजेक्ट में आधा पैसा जुटाएगा नगर निगम
नए बस टर्मिनस की अनुमानित लागत 80 से 100 करोड़ रुपये रखी गई है। प्रस्तावित फंडिंग योजना के तहत केंद्र सरकार से 25 प्रतिशत और प्रशासन की लोकल बॉडी से 25 प्रतिशत राशि मिलने की उम्मीद है। इस तरह कुल लागत का आधा हिस्सा इन दोनों स्रोतों से जुटाने की योजना है। बाकी 50 प्रतिशत राशि नगर निगम को खुद जुटानी होगी। अनुमान के मुताबिक, निगम को इसके लिए 40 से 50 करोड़ रुपये की जरूरत पड़ेगी। यह रकम मार्केट लोन के जरिए जुटाने का प्रस्ताव है। प्रोजेक्ट की लागत और फंडिंग को अंतिम रूप देने के बाद ही निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा। निगम के सामने एक ओर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी होगी, वहीं दूसरी ओर परियोजना के लिए जरूरी वित्तीय संसाधन जुटाने की चुनौती भी रहेगी।
बस टर्मिनस का प्रस्ताव फिलहाल मंजूरी की प्रक्रिया में है। इसे सबसे पहले सेक्रेटरी लोकल गवर्नमेंट के सामने रखा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद फंडिंग और प्रोजेक्ट से संबंधित एजेंडा नगर निगम सदन में पेश किया जाएगा। नगर निगम सदन से मंजूरी मिलने के बाद ही परियोजना की अगली प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद निर्माण और अन्य जरूरी औपचारिकताओं को आगे बढ़ाया जा सकेगा। फिलहाल यह परियोजना प्रस्ताव के स्तर पर है। इसके पूरा होने पर मनीमाजरा में अंतरराज्यीय और लोकल बस सेवाओं के लिए एक नया केंद्र विकसित हो सकेगा। इससे चंडीगढ़ के साथ पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी बसों के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
