September 24, 2026

कई दिनों से पड़ा था कचरा, टूटी मिलीं फुटपाथ की टाइलें; सेक्टर-8 से किशनगढ़ तक निरीक्षण, गृह सचिव ने अफसरों से मांगा जवाब

0
कई दिनों से पड़ा था कचरा, टूटी मिलीं फुटपाथ की टाइलें; सेक्टर-8 से किशनगढ़ तक निरीक्षण, गृह सचिव ने अफसरों से मांगा जवाब

चंडीगढ़ में कई दिनों से पड़ा मिला कचरा

Chandigarh cleanliness: शहर की सफाई और सार्वजनिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति जांचने निकले गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़ ने बुधवार को कई सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ जगहों पर कई दिनों से कचरा पड़ा मिला, जबकि पैदल मार्ग पर टूटी टाइलों की समस्या भी सामने आई। गृह सचिव ने इन कमियों पर अधिकारियों से जवाब मांगा और तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। बराड़ ने सेक्टर-8 की ग्रीन बेल्ट, बापूधाम के सार्वजनिक पार्क, रेलवे स्टेशन के पीछे डड़िया क्षेत्र, डड़िया रिजर्व फॉरेस्ट, रामदरबार ग्राउंड और किशनगढ़ समेत कई स्थानों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर सफाई व्यवस्था, नागरिक बुनियादी ढांचे, सार्वजनिक सुविधाओं और पार्कों समेत अन्य स्थलों के रखरखाव की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कचरा और अपशिष्ट सामग्री लंबे समय से पड़े होने की स्थिति सामने आई। गृह सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों की तत्काल सफाई कराई जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा वहां कचरा जमा न हो। उन्होंने लापरवाही वाले मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा या अपशिष्ट सामग्री को लावारिस हालत में पड़ा नहीं रहने दिया जा सकता। सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ समय पर कार्रवाई भी जरूरी है। निर्माण और विकास कार्यों वाले स्थानों पर जमा मलबे को लेकर भी गृह सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान निकलने वाले मलबे और अन्य अपशिष्ट को नियमित रूप से हटाया जाए। निर्माण स्थल के आसपास का क्षेत्र लंबे समय तक अव्यवस्थित नहीं रहना चाहिए। पैदल मार्ग के निरीक्षण के दौरान बराड़ ने टूटी हुई टाइलों का भी संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ और पैदल मार्ग जैसी सुविधाओं का नियमित रखरखाव जरूरी है।

 

 

संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी की होगी निगरानी

गृह सचिव ने शहर के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर कैमरों की उपलब्धता और स्थापना की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि जहां निगरानी की जरूरत है, वहां पर्याप्त सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और इसकी नियमित समीक्षा हो। शहर में स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव की स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम और यूटी इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण शुरू किए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को गृह सचिव ने विभिन्न इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, यूटी के मुख्य अभियंता सीबी ओझा, नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed